बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
लंबित योजनाओं को जल्द पूरा करने का निर्देश
योजनाओं की सतत मॉनिटरिंग करने का निर्देश
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
= अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। जिला पदाधिकारी, तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में आज कार्यालय प्रकोष्ठ में समेकित थरूहट विकास अभिकरण द्वारा संचालित योजनाओं की मासिक समीक्षा की गई।

बैठक में योजनाओं की प्रगति, व्यय की स्थिति, गुणवत्ता तथा लंबित कार्यों की गहन समीक्षा की गई। बैठक के दौरान प्रभारी पदाधिकारी, समेकित थरूहट विकास अभिकरण ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2010-11 से 2025-26 तक कुल 357 योजनाओं की स्वीकृति दी गई थी। इनमें से 286 योजनाओं को पूर्ण कराया जा चुका है, जबकि शेष योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक कुल 8801.576 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं, जो कुल आवंटित राशि का लगभग 73.03 प्रतिशत है। समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने लंबित योजनाओं की प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जो योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, उन्हें शीघ्र संबंधित विभाग को हैंडओवर करते हुए व्यवहार में जाया जाए ताकि आम लोगों को उसका लाभ मिल सके। साथ ही सभी संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को निर्देशित किया कि वे योजनाओं का भौतिक सत्यापन कर विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। जिला पदाधिकारी ने कहा कि योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए। किसी भी प्रकार की गुणवत्ता संबंधी शिकायत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं अनुश्रवण करने का निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं की सतत मॉनिटरिंग की जाए ताकि कार्य में लापरवाही न हो। बैठक में जिला पदाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, बगहा-2 एवं गौनाहा को एक सप्ताह में पूर्व में पूर्ण हो चुकी योजनाओं की क्रियाशीलता की जांच करते हुए फोटोग्राफ्स के साथ प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया। समीक्षा के दौरान ग्रामीण कार्य प्रमंडल नरकटियागंज की कार्यशैली पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। टेंडर प्रक्रिया समय पर नहीं कराने तथा अन्य प्रशासनिक कारणों से कार्य प्रभावित होने पर संबंधित सहायक/कनीय अभियंताओं के विरुद्ध शोकॉज जारी करने एवं वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में प्रभारी पदाधिकारी, समेकित थरुहट विकास अभिकरण श्री अहमद अली अंसारी सहित भवन प्रमंडल बेतिया, एलएईओ बगहा, ग्रामीण कार्य प्रमंडल बगहा के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता सहित संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे।








