बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
अभियंता अपनी-अपनी योजनाओं का नियमित स्थलीय निरीक्षण करें तथा निगरानी में कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें
विभिन्न इंजीनियरिंग विभागों की कार्य प्रगति की हुई समीक्षा
बेतिया नगर निगम क्षेत्र में चल रहे स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज कार्य में तेजी लाने का निर्देश
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। जिला पदाधिकारी, तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में विभिन्न इंजीनियरिंग विभागों की कार्य प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड, बिहार राज्य पथ विकास निगम, बीएमएसआईसीएल, बुडको, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम, राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम, शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम, भवन प्रमंडल, पथ प्रमंडल, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, ग्रामीण कार्य प्रमंडल, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन प्रमंडल, लघु सिंचाई प्रमंडल, दोन नहर प्रमंडल, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल एवं विद्युत संचरण प्रमंडल सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता और सहायक अभियंता उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने बुडको के कार्यपालक अभियंता को बेतिया नगर निगम क्षेत्र में चल रहे स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही समग्र शहरी विकास योजना के अंतर्गत लंबित टेंडरों का निष्पादन एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में दोन नहर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को क्षेत्र की सड़कों का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त सड़कों की अविलंब मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया। वहीं बिहार राज्य पुल निर्माण निगम को स्थानीय अंचलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर अतिक्रमण हटाते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर आरओबी निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने सभी कार्यपालक अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। कार्यों की गुणवत्ता को लेकर किसी प्रकार की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी अभियंता अपनी-अपनी योजनाओं का नियमित स्थलीय निरीक्षण करें तथा निगरानी में कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जहां नए भवन अथवा अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण पूरा हो चुका है, वहां पुराने एवं क्षतिग्रस्त ढांचों को हटाने की कार्रवाई भी शीघ्र की जाए। बैठक में उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, विशेष कार्य पदाधिकारी जिला गोपनीय शाखा सुजीत कुमार, प्रभारी पदाधिकारी राजस्व अहमद अली अंसारी सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालक एवं सहायक अभियंता उपस्थित रहे।








