महराजगंज से हमारे जिला ब्यूरो की रिपोर्ट :
नवागत थाना प्रभारी अंकित सिंह की अध्यक्षता में बहुआर चौकी में हुई भव्य पीस कमेटी बैठक
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
महराजगंज, (तैयब अली चिश्ती)। जनपद के थाना निचलौल क्षेत्र अंतर्गत बहुआर चौकी परिसर में आगामी त्योहारों को लेकर एक भव्य पीस कमेटी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का नेतृत्व नवनियुक्त थाना प्रभारी अंकित सिंह ने किया।
बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों की बड़ी मौजूदगी देखने को मिली। थाना प्रभारी अंकित सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए साफ शब्दों में कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि निचलौल पुलिस आम जनता की सुरक्षा, सम्मान और भाईचारे के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। क्षेत्र में माहौल बिगाड़ने, अफवाह फैलाने और कानून व्यवस्था खराब करने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी समुदाय के लोग आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि पुलिस और जनता के बेहतर तालमेल से ही क्षेत्र में शांति और सुरक्षा कायम रह सकती है।
बैठक के दौरान ग्राम प्रधान रामनिधि पटेल, श्यामसुंदर गुप्ता, पूर्व ग्राम प्रधान झूलनीपुर संजय मद्धेशिया, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मनीष कनौजिया, गुड्डू खान, मौलाना अख्तर हुसैन मिस्बाही, मौलाना नूर आलम, नन्हे शेख, मुस्तफा अंसारी, अमरनाथ यादव, अंबरीश तिवारी सहित क्षेत्र के तमाम सम्मानित लोग मौजूद रहे।
पीस कमेटी बैठक के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन की सक्रियता और नवागत थाना प्रभारी अंकित सिंह की कार्यशैली की लोगों ने जमकर सराहना की।








