बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
माननीय सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का सख्ती से कराएं अनुपालन
ठेला, वेंडर और अवैध संरचनाएं हटाने के लिए चलाएं विशेष अभियान
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु सभी सुरक्षात्मक उपाय करें सुनिश्चित
राजमार्ग सुरक्षा को लेकर 19 सदस्यीय टास्क फोर्स करेगी नियमित निगरानी
जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। माननीय सर्वाेच्च न्यायालय द्वारा नेशनल हाईवे सेफ्टी को लेकर पारित आदेश यथा-सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने, अवैध अतिक्रमण एवं पार्किंग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने आदि के अनुपालन हेतु आज जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर बढ़ती दुर्घटनाओं की रोकथाम, हाईवे पेट्रोलिंग व्यवस्था को मजबूत बनाने, एटीएमएस संचालन, दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर सुरक्षात्मक उपाय लागू करने, ट्रक ले-बाय सुविधाओं के विकास तथा अतिक्रमणमुक्त राजमार्ग सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि माननीय सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देश हैं कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण एवं अवैध पार्किंग नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क किनारे स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अपनी पार्किंग व्यवस्था स्वयं विकसित करने के लिए तत्काल नोटिस जारी किया जाए। यदि कोई प्रतिष्ठान राष्ट्रीय राजमार्ग का उपयोग पार्किंग स्थल के रूप में करता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, एनएचएआई को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवश्यकतानुसार रम्बल स्ट्रिप, जेब्रा क्रॉसिंग, व्हाइट लाइन मार्किंग, स्पीड लिमिट बोर्ड, स्पीड डिटेक्टर सहित अन्य सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरणों एवं संकेतकों की स्थापना शीघ्र कराई जाए ताकि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी संवेदनशील एवं दुर्घटना संभावित स्थलों का चिन्हांकन कर वहां त्वरित सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं। साथ ही एनएच पर हुए अतिक्रमण से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया ताकि चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई संचालित की जा सके। बैठक में नगर निकायों के पदाधिकारियों को भी निर्देशित किया गया कि वे सर्वाेच्च न्यायालय के आदेशों के आलोक में अभियान चलाकर राष्ट्रीय राजमार्गों को अतिक्रमणमुक्त बनाना सुनिश्चित करें। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सबसे पहले व्यापक स्तर पर माइकिंग एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए, इसके बाद प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर किसी भी प्रकार के ठेला, वेंडर, अस्थायी संरचना अथवा वाहनों का अवैध रूप से खड़ा रहना स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को संयुक्त टीम गठित कर नियमित रूप से विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया तथा कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों के साथ-साथ राज्य राजमार्गों को भी अतिक्रमणमुक्त कराने की दिशा में सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त जिला पदाधिकारी ने राजमार्ग सुरक्षा क्षेत्र में बिना एनएचएआई अथवा पीडब्ल्यूडी की अनापत्ति के किसी प्रकार का लाइसेंस अथवा एनओसी जारी नहीं करने का निर्देश दिया। उन्होंने एम्बुलेंस, रिकवरी क्रेन एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रखने पर भी विशेष बल दिया।बैठक को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता श्री राजीव रंजन सिन्हा ने भी सड़क सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने सड़क किनारे रेलिंग एवं अन्य आवश्यक स्थलों पर रिफ्लेक्टर लगाने, रेलवे स्टेशन चौक बेतिया के समीप क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाने हेतु समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में उपस्थित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भी अपने-अपने सुझाव साझा किए। जिला परिवहन पदाधिकारी श्रीमती रितु रानी ने जानकारी दी कि माननीय सर्वाेच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश के आलोक में जिलास्तर पर जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में 19 सदस्यीय जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स का गठन कर लिया गया है। यह टास्क फोर्स राष्ट्रीय राजमार्गों की सुरक्षा व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने, नियमित निरीक्षण, हाईवे पेट्रोलिंग एवं सड़क सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन की निगरानी करेगा। बैठक में अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, जिला परिवहन पदाधिकारी श्रीमती रितु रानी सहित संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस विभागों के कई अधिकारी उपस्थित रहे।








