बगहा से हमारे विशेष संवाद ब्यूरो की रिपोर्ट :
मुख्यमंत्री गन्ना विकास कार्यक्रम के जरिये सभी गन्ना किसानों को ₹50/00 प्रति क्विंटल गन्ना बीज हेतु अनुदान मिलनी है
विधायक ने सूबे की सम्राट सरकार को जताया है की उक्त अनुदान की राशि वाल्मीकिनगर विधानसभा के गन्ना उत्पादक किसानों को अबतक नहीं मिल सकी है
विधायक सुरेन्द्र प्रसाद ने गन्ना किसानों के आर्थिक कठिनाइयों का हवाला देते हुये सरकार से इस प्रसंग में त्वरित कार्यवाही करने का भी अनुरोध किया है
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बगहा, (भगवान सिंह)। वाल्मीकिनगर विधायक इनदिनों जनसमस्याओं से जुड़े सवालों पर खासे गंभीर नज़र आ रहे। पिछले दिनों जहाँ इनके द्वारा भू-माफियाओं के विरुद्ध बगहा अनुमंडल के भूमि उप समाहर्ता के साथ हीं साथ अमूमन सभी अंचल अधिकारियों को टारगेट करते हुये सरकार से समस्याओं और भू-विवाद के फर्जीवाड़े के विरुद्ध सशक्त जांच का मामला उठाया गया था तो वहीँ ताजे रुझानों में इनके द्वारा सूबे के मुख्यमंत्री को अपने पत्र के माध्यम से अपने विधानसभा क्षेत्र से जुड़े गन्ना किसानों की अबतक नहीं मिल सकी गन्ना बीज अनुदान सरीखे अन्य सरकारी लाभ के निमित्त ध्यान आकृष्ट कराया है। निरंतर क्षेत्र का दौरा और जनहित की समस्याओं को आड़े हाथों लेते हुये उसपर आवाज बुलंद करना इस जनप्रतिनिधि का रूटीन कार्य प्रतीत हो रहा है, जो अबतक के जनप्रतिनिधियों को फिसड्डी जरूर साबित करने लगा है। लिहाजा, स्थानीय पदाधिकारियों की कार्यशैली इस कांग्रेस विधायक से अंदर हीं अंदर प्रभावित होती भी जरूर नज़र आ रही। लोकतंत्र में बढ़ चली अफसरशाही पर अंकुश लगाने की दिशा में वाल्मीकिनगर विधायक सुरेन्द्र प्रसाद कुशवाहा का सिस्टम जनता के बीच सराहनीय माना जा रहा। ज्ञातव्य हो कि श्री प्रसाद ने विगत दिनों सम्राट सरकार से अपने पत्रांक 195 दिनांक -09 जून 26 के माध्यम से सहायक निदेशक ईंख विकास बगहा द्वारा सत्र 2025-26 हेतु अनुशंसित विभिन्न मदों में गन्ना बीज से जुड़ी अनुदान राशि का संशोधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने के बावजूद उनके विधानसभा क्षेत्र के गन्ना किसानों के बीज का अनुदान ₹50/ प्रति क्विंटल की राशि का अबतक उपलब्ध नहीं हो पाना दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। विधायक ने सरकार से इस प्रसंग में त्वरित कार्यवाही करते हुये लंबित गन्ना बीज अनुदान की राशि को शीघ्र उपलब्ध कराने का अनुनय किया है।








