AMIT LEKH

Post: भारत-नेपाल सीमा पर विवाद : नेपाली ग्रामीणों ने एसएसबी टीम पर किया पथराव

भारत-नेपाल सीमा पर विवाद : नेपाली ग्रामीणों ने एसएसबी टीम पर किया पथराव

रिपोर्ट : उप-संपादक, बेतिया

APF नेपाल से बातचीत के दौरान सुस्ता गांव के 150-200 लोग लाठी-पत्थर लेकर वहां एकत्र हो गए

आक्रोशित भीड़ ने SSB टीम के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। भारत-नेपाल सीमावर्ती वाल्मीकिनगर से लगे सुस्ता क्षेत्र में यथास्थिति (Status Quo) का उल्लंघन कर अवैध निर्माण और बवाल का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार नेपाल के सुस्ता गांव के 150 से 200 अज्ञात ग्रामीणों ने भारतीय सीमा में घुसकर मिट्टी का बांध बनाने का प्रयास किया और विरोध करने पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) की टीम पर पथराव कर दिया। इस संबंध में 21वीं वाहिनी SSB रामपुर्वा के समवाय प्रभारी सह सहायक कमांडेंट अवधेश कुमार के आवेदन पर वाल्मीकिनगर थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है।

क्या है पूरा मामला?

सहायक कमांडेंट अवधेश कुमार द्वारा थाने को दिए गए आवेदन के अनुसार, घटना 2 अगस्त 2026 की है। वे उप कमांडेंट प्रचालन विजय कुमार, मुख्य आरक्षी त्रिवेद प्रसाद, आरक्षी गोपाल कुमार और अन्य बलकर्मियों के साथ सीमा पर गश्ती और सूचना संकलन के लिए निकले थे। दोपहर करीब 14:15 बजे जब टीम सुस्ता से सटे भारतीय सीमा क्षेत्र में स्थित पाकड़ के पेड़ के पास पहुँची, तो देखा कि नेपाली ग्रामीणों द्वारा यथास्थिति (Status Quo) का उल्लंघन करते हुए भारतीय क्षेत्र में मिट्टी का बांध बना दिया गया है।

पूर्व में बनी थी सहमति

शिकायत में बताया गया है कि इससे पहले 31 जुलाई 2026 को हुई संयुक्त गश्ती के दौरान SP APF नेपाल और 21वीं SSB के कार्यपालक अभियंता के बीच स्पष्ट सहमति बनी थी कि यथास्थिति का उल्लंघन नहीं किया जाएगा और तय दायरे से आगे बांध का कार्य नहीं होगा। इसके बावजूद नेपाल के सुस्ता गांव के लोगों ने दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया और सीमा का उल्लंघन करते हुए भारत की ओर बांध आगे बढ़ा दिया।

उग्र भीड़ ने की बदसलूकी और पथराव

मौके पर मौजूद APF नेपाल से बातचीत के दौरान सुस्ता गांव के 150-200 लोग लाठी-पत्थर लेकर वहां एकत्र हो गए। आक्रोशित भीड़ ने SSB टीम के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। स्थिति को भांपते हुए SSB टीम जब वापस भारतीय सीमा क्षेत्र स्थित सीमा पोस्ट के पास आई, तब भी उग्र भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। इस घटना से सीमा क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और सरकारी ड्यूटी में गंभीर बाधा उत्पन्न हुई है।

पुलिस ने दर्ज किया केस :

वाल्मीकिनगर थाना पुलिस ने सहायक कमांडेंट के आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नेपाल के सुस्ता गांव के 150-200 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ BNS, 2023 की विभिन्न धाराओं (जैसे 190, 191(2), 136(2), 115(2), 132, 221, 352) के तहत मामला (P.S. Case No.- 119/26, दिनांक 4/8/2026) दर्ज कर लिया है और आगे की जाँच शुरू कर दी है।

Comments are closed.

Recent Post