AMIT LEKH

Post: नोएडा हत्याकांड का आरोपी इंजीनियर बिहार में गिरफ्तार

नोएडा हत्याकांड का आरोपी इंजीनियर बिहार में गिरफ्तार

रिपोर्ट : विशेष ब्यूरो, पटना

एनकाउंटर के डर से शराब तस्करी के केस में खुद को कराया अरेस्ट

असम के डिब्रूगढ़ की रहने वाली महक अहमद 20 जुलाई को अपनी सहेली संजना के साथ घर से बिना बताए नोएडा आई थी

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। नोएडा सेक्टर-49 के बरौला गांव स्थित पीजी में असम निवासी युवती महक अहमद की हत्या के मामले में आरोपी इंजीनियर को बिहार के कटिहार में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, नोएडा से फरार होने के बाद आरोपी को एनकाउंटर का डर था। इसके चलते वह अपने गृह जिले कटिहार पहुंचा और परिचित की मदद से खुद को शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार करा लिया। अब नोएडा पुलिस उसे बी वारंट के जरिए नोएडा लाने की तैयारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, असम के डिब्रूगढ़ की रहने वाली महक अहमद 20 जुलाई को अपनी सहेली संजना के साथ घर से बिना बताए नोएडा आई थी। दोनों नौकरी की तलाश में थीं और बरौला गांव के एक पीजी में रहने लगी थीं। इसी दौरान पड़ोस के कमरे में रहने वाले रमन राज से महक की जान-पहचान हुई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच डेटिंग ऐप को लेकर विवाद हुआ था। देर रात महक और रमन साथ थे। रविवार तड़के रमन अपने कमरे में बाहर से ताला लगाकर वहां से फरार हो गया। सोमवार को कमरे से दुर्गंध आने पर पीजी संचालक ने कमरे का ताला तुड़वाया। अंदर महक का लहूलुहान शव मिला। पुलिस के मुताबिक, युवती की चाकू से गोदकर हत्या की गई थी। इसके बाद पीजी संचालक सार्थक बंसल ने सेक्टर-49 थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए आरोपी रमन राज की तलाश तेज कर दी। जांच के दौरान पुलिस को उसके बिहार स्थित गृह जिले कटिहार जाने की जानकारी मिली। बुधवार को नोएडा सेक्टर-49 थाना पुलिस आरोपी की तलाश में कटिहार पहुंची। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मंगलवार दोपहर एक परिचित की मदद से कटिहार नगर कोतवाली में खुद को शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार करा लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे जेल भेज दिया गया। अब नोएडा पुलिस ने आरोपी को हत्या के मामले में कटिहार से नोएडा लाने के लिए जिला अदालत में बी वारंट के तहत आवेदन किया है। कोर्ट की अनुमति मिलने के बाद पुलिस उसे नोएडा लाकर पूछताछ करेगी। पुलिस के मुताबिक, महक की हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। शुरुआती जांच में दोनों के बीच विवाद की बात सामने आई है। कुछ लोगों से पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि नशे की हालत में महक ने रमन की पहली प्रेमिका को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। एक अन्य चर्चा के अनुसार, विवाद के दौरान हाथापाई हुई और महक ने कथित तौर पर चाकू से रमन पर हमला करने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने अभी इस दावे की पुष्टि नहीं की है। पुलिस हत्या की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, रविवार तड़के हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के समय पड़ोसियों को किसी तरह की भनक नहीं लगी। जांच में सामने आया कि कमरे के बाहर कूलर लगा हुआ था और उसकी तेज आवाज के कारण संभव है कि किसी को घटना के दौरान कोई आवाज सुनाई नहीं दी। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया था। इसके बाद वह बस से वाराणसी पहुंचा, जहां कुछ समय अपने बहनोई के पास रुका और फिर कटिहार चला गया। पुलिस ने आरोपी के बहनोई से संपर्क कर उसके बारे में जानकारी जुटाई और इसके बाद कटिहार पहुंची। फिलहाल आरोपी कटिहार जेल में है। नोएडा पुलिस बी वारंट के जरिए उसे अपनी हिरासत में लेकर हत्या के मामले में पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।

Leave a Reply

Recent Post