AMIT LEKH

Post: एकमा : सड़क किनारे मिला अधेड़ का शव, मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

एकमा : सड़क किनारे मिला अधेड़ का शव, मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

संकलन : उप-संपादक, छपरा

मृतक की पहचान परसागढ़ उत्तरी पंचायत के गायत्री मोहल्ला निवासी संतोष पटेल (50) के रूप में हुई है, वह सियाराम पटेल के पुत्र थे

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख , संवाददाता

एकमा, (सारण)। एकमा थाना क्षेत्र की परसा दक्षिणी पंचायत के वार्ड संख्या-3 स्थित कोईरी टोला के समीप शुक्रवार की सुबह सड़क किनारे एक अधेड़ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

फोटो : संवाददाता

सूचना मिलते ही एकमा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल की जांच-पड़ताल कराई। एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। आवश्यक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया गया। मृतक की पहचान परसागढ़ उत्तरी पंचायत के गायत्री मोहल्ला निवासी संतोष पटेल (50) के रूप में हुई है।

छाया : अमिट लेख

वह सियाराम पटेल के पुत्र थे। ग्रामीणों के अनुसार, शादी के कुछ वर्ष बाद उनकी पत्नी उन्हें छोड़कर चली गई थी। उनकी कोई संतान भी नहीं थी। परिजनों ने बताया कि गुरुवार की रात संतोष पटेल किसी काम से घर से निकले थे। इसके बाद शुक्रवार की सुबह परसा दक्षिणी पंचायत में सड़क किनारे उनका शव मिलने की सूचना मिली। खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान की। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एकमा थानाध्यक्ष रामबालक यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया आशंका है कि रात के अंधेरे में कच्चे रास्ते से घर लौटने के दौरान संतोष पटेल फिसलकर गहरे पानी में गिर गए होंगे, जिससे उनकी मौत हुई होगी। हालांकि पुलिस ने मौत के कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

Comments are closed.

Recent Post