AMIT LEKH

Post: राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल महोत्सव की धूम, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल महोत्सव की धूम, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

रिपोर्ट : उप-संपादक, बेतिया डेस्क

कबड्डी की फुर्ती, शतरंज की चाल और टेबल टेनिस का कमाल

जिला खेल कार्यालय खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन बेतिया में कबड्डी, शतरंज और टेबल टेनिस से गूंजा खेल महोत्सव

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के तहत आयोजित खेल महोत्सव के क्रम में आज जिला खेल कार्यालय, खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन, बेतिया में विभिन्न खेल एवं शारीरिक फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया।

फोटो : मोहन सिंह

इस अवसर पर कबड्डी, शतरंज एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कबड्डी प्रतियोगिता में कुल चार टीमों ने भाग लिया। रोमांचक मुकाबलों के बाद बेतिया कबड्डी टीम विजेता एवं शेखौना वॉरियर्स टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। वहीं, शतरंज प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के लगभग 80 प्रतिभागियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन किया। टेबल टेनिस प्रतियोगिता में भी विभिन्न विद्यालयों के लगभग 40 प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और शानदार खेल प्रतिभा का परिचय दिया। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित खेल महोत्सव के दौरान खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से स्वस्थ एवं सशक्त बनाना तथा दैनिक जीवन में खेल एवं नियमित शारीरिक गतिविधियों को जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना था। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राजकीय राज्य संपोषित बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बेतिया, पीएम श्री उच्च विद्यालय, चनपटिया सहित जिले के अन्य विद्यालयों में भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी, राकेश कुमार ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन या प्रतियोगिता का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास का सशक्त आधार है। खेल से शरीर स्वस्थ रहता है, मन एकाग्र होता है तथा अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद के जीवन से हमें समर्पण, अनुशासन और उत्कृष्टता की प्रेरणा मिलती है। राष्ट्रीय खेल दिवस हमें यह संदेश देता है कि खेल को केवल करियर के रूप में ही नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में जिला खेल कार्यालय प्रतिबद्ध है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ निरंतर अभ्यास करने तथा जिले और राज्य का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने का आह्वान किया। उक्त अवसर पर अमरेंद्र कुमार, कार्यपालक सहायक, आलोक कुमार, महासचिव, पश्चिम चंपारण कबड्डी एसोसिएशन, अभिषेक कुमार, नीतीश कुमार, सचिन कुमार, गोविंद कुमार, आलोक कुमार (रेफरी), मोहम्मद साहिल, सचिव, पश्चिम चंपारण शतरंज एसोसिएशन, प्रवीण कुमार, वरीय संयुक्त सचिव, पश्चिम चंपारण टेबल टेनिस एसोसिएशन, सुजीत कुमार, कोच, टेबल टेनिस एसोसिएशन पश्चिम चंपारण, अजय कुमार मिश्रा, शारीरिक शिक्षक, संजय श्रीवास्तव, शारीरिक शिक्षक, प्रतीक कुमार सिंह, शिक्षक, मंजरी कश्यप, शिक्षिका तथा आशीष वर्मा, शिक्षक सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Recent Post