रिपोर्ट : उप-संपादक, छपरा डेस्क
महेंद्रनाथ संस्कृत प्राथमिक सह माध्यमिक विद्यालय, रसूलपुर में बाल संसद चुनाव में 9 विद्यार्थी निर्वाचित
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख, संवाददाता
एकमा, (सारण)। एकमा प्रखंड के रसूलपुर स्थित महेंद्रनाथ संस्कृत प्राथमिक सह माध्यमिक विद्यालय, रसूलपुर में शिक्षा विभाग व बीईओ मनीष कुमार के निर्देशानुसार संपन्न हुए बाल संसद चुनाव का परिणाम शनिवार को मतगणना के बाद घोषित किया गया। चुनाव में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लिया था। विभिन्न पदों के लिए कुल 35 छात्र-छात्राओं ने अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत की थी। इनमें से नौ विद्यार्थियों को अलग-अलग मंत्री पदों के लिए निर्वाचित किया गया, जबकि जल एवं कृषि मंत्री के पद पर आकाश कुमार निर्विरोध निर्वाचित हुए। घोषित परिणाम के अनुसार प्रधानमंत्री पद पर वर्ग छह की श्रीति कुमारी, उप प्रधानमंत्री पद पर वर्ग सात के अभय कुमार, शिक्षा मंत्री पद पर वर्ग छह के अनूप कुमार, खेल एवं संस्कृति मंत्री पद पर वर्ग छह की अंजली कुमारी, सुरक्षा एवं शासन मंत्री पद पर वर्ग छह के सुमित कुमार निर्वाचित हुए। इसी तरह मध्याह्न भोजन एवं पोषण मंत्री के रूप में वर्ग छह की नंदिनी कुमारी, पुस्तकालय एवं विज्ञान मंत्री के रूप में वर्ग छह के आदित्य कुमार, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता मंत्री के रूप में वर्ग सात की प्रवीणा कुमारी तथा जल एवं कृषि मंत्री के रूप में वर्ग सात के आकाश कुमार निर्वाचित हुए। आकाश कुमार इस पद पर निर्विरोध चुने गए।
लोकतांत्रिक प्रक्रिया की दी जानकारी
मतगणना के बाद परिणाम घोषित होते ही नवनिर्वाचित बाल संसद सदस्यों और विद्यालय के विद्यार्थियों में खुशी का माहौल रहा। विद्यालय परिवार की ओर से सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी गई। प्रधानाध्यापिका समृद्धि कुमारी ने कहा कि बाल संसद के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान के मूल्यों को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर मिलता है। इससे बच्चों में नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। शिक्षक राहुल कुमार ने कहा कि पढ़ाई के साथ ऐसी गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं। बाल संसद के माध्यम से विद्यार्थी लोकतंत्र, चुनाव, नेतृत्व, निर्णय लेने और जिम्मेदारी जैसे विषयों को किताबों के बजाय व्यवहार में सीखते हैं। विद्यालय परिवार ने नवनिर्वाचित बाल संसद के सभी सदस्यों के सफल एवं जिम्मेदार कार्यकाल की मंगलकामना की।
//


