AMIT LEKH

Post: जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें: जिला पदाधिकारी

जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें: जिला पदाधिकारी

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क

लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन कर योजनाओं को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूर्ण कराएं

जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में सोमवारीय बैठक सम्पन्न

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। जिला पदाधिकारी, पश्चिम चम्पारण, तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में सोमवारीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की कार्य प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी।

इस दौरान जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा लंबित कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निष्पादन कराने का निर्देश दिया। विद्यार्थी सहयोग शिविर की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं छात्रावास संबंधी समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से ’विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ लॉन्च किया गया है। पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाना है। उन्होंने चिन्हित महाविद्यालयों में विद्यार्थी सहयोग शिविर के आयोजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया। बैठक में सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों एवं उनके निष्पादन की स्थिति की भी समीक्षा की गयी।

फोटो : मोहन सिंह

वहीं, जीवन प्रमाणीकरण की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने लंबित आवेदनों का अविलंब निष्पादन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, बेतिया एवं बगहा को उपयुक्त स्थलों पर कैम्प आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने नए आवेदन, इंस्टॉलेशन, स्वीकृति एवं भुगतान आदि कार्यों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूर्ण कराने को कहा। पंचायत सरकार भवनों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत को पंचायत सरकार भवनों में विद्युत कनेक्शन की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन पंचायतों में पंचायत सरकार भवन के निर्माण के लिए अब तक भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं हुई है, वहां अविलंब उपयुक्त भूमि चिन्हित कर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए कार्य प्रारंभ कराया जाए। राष्ट्रीय पोषण माह की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस को निर्देश दिया कि जिन आंगनबाड़ी केन्द्रों का अपना भवन उपलब्ध नहीं है, ऐसे केन्द्रों को उपयुक्त भवन में शिफ्ट कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में विद्युत कनेक्शन तथा नल-जल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने का भी निर्देश दिया, ताकि बच्चों एवं लाभार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति तथा जनहित से जुड़े कार्यों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त, नगर निगम बेतिया, सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता, राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अमरेन्द्र कुमार सहित अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Recent Post