AMIT LEKH

Post: गंडक के उफान से हाहाकार, थाना परिसर में घुसा तीन फीट पानी, नाव से निकाले गए पुलिसकर्मी

गंडक के उफान से हाहाकार, थाना परिसर में घुसा तीन फीट पानी, नाव से निकाले गए पुलिसकर्मी

रिपोर्ट : पटना डेस्क, 30 सितम्बर 2026

खतरे के निशान से 79 सेंटीमीटर ऊपर बह रही नदी, साहेबगंज- पारू-सरैया के कई गांव बाढ़ की चपेट में

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

पटना, (विशेष ब्यूरो)। गंडक नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर से मुजफ्फरपुर जिले के पश्चिमी इलाकों में बाढ़ का संकट गहराता जा रहा है। चंपारण के बाद साहेबगंज, पारू और सरैया प्रखंड के निचले इलाकों में तेजी से फैल रहे बाढ़ के पानी से जनजीवन प्रभावित हो गया है। पारू प्रखंड स्थित नवनिर्मित चक्की सुहागपुर ओपी परिसर में तीन फीट से अधिक पानी प्रवेश कर जाने से पुलिसकर्मियों को नाव के सहारे सुरक्षित बाहर निकालना पड़ा। बाढ़ के कारण अब पुलिस की गश्ती और आवागमन के लिए भी नाव का सहारा लिया जा रहा है। जिला आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार सरैया प्रखंड के रेवा घाट पर गंडक नदी का जलस्तर 55.20 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि यहां खतरे का निशान 54.41 मीटर है। इस तरह नदी खतरे के निशान से 79 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। जल संसाधन विभाग ने नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की है, जिससे तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। गंडक के बढ़ते पानी से आधा दर्जन से अधिक गांव प्रभावित हुए हैं। करीब 200 घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर चुका है, जबकि आठ हजार से अधिक लोगों के प्रभावित होने की सूचना है। बाढ़ के कारण लोगों के सामने भोजन, पेयजल, मवेशियों के चारे और सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की समस्या खड़ी हो गई है।

Comments are closed.

Recent Post