रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 01 अक्टूबर 2026
औरंगाबाद व जहानाबाद के प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियोजन की स्वीकृति, पटना में मिठाई फैक्ट्री का भी निरीक्षण
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना/औरंगाबाद। राज्य में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त-सह-स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा टीमों द्वारा विभिन्न जिलों में प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करने के साथ खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए जा रहे हैं।

प्रयोगशाला जांच में औरंगाबाद में पनीर तथा जहानाबाद में धनिया पाउडर के नमूने असुरक्षित एवं अधोमानक पाए गए हैं। दोनों मामलों में संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सक्षम न्यायालय में अभियोजन चलाने की स्वीकृति दी गई है।
पनीर में फॉर्मेलिन की मौजूदगी :
औरंगाबाद जिले में नगर थाना के समीप स्थित मेसर्स चंचला सुधा डेयरी बूथ से पनीर का नमूना संग्रहित कर संयुक्त खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, अगमकुआं, पटना भेजा गया था। खाद्य विश्लेषक की जांच रिपोर्ट में पनीर का नमूना असुरक्षित और अधोमानक पाया गया। जांच के दौरान नमूने में फॉर्मेलिन की मौजूदगी मिली। वहीं निर्धारित मानक की तुलना में वसा की मात्रा भी कम पाई गई। विभाग के अनुसार खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 26(2)(i) के उल्लंघन के मामले में संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ अभियोजन की स्वीकृति दी गई है।अधिनियम की धारा 59(i) के तहत तीन महीने तक के कारावास तथा तीन लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
धनिया पाउडर में बटर येलो और स्टार्च मिला :
जहानाबाद के राजा बाजार स्थित मेसर्स गोपाल किराना स्टोर से धनिया पाउडर का नमूना लेकर संयुक्त खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, पटना भेजा गया था। जांच में धनिया पाउडर का नमूना भी असुरक्षित एवं अधोमानक पाया गया।
प्रयोगशाला रिपोर्ट के अनुसार धनिया पाउडर में बटर येलो नामक अस्वीकृत तेल-घुलनशील सिंथेटिक रंग तथा स्टार्च की मिलावट पाई गई।

इस मामले में भी खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 26(2)(i) के तहत संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ सक्षम न्यायालय में अभियोजन चलाने की स्वीकृति दी गई है। इसमें भी धारा 59(i) के तहत तीन महीने तक के कारावास और तीन लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
अम्बा में वाटर प्लांट का निरीक्षण :
खाद्य सुरक्षा टीम ने औरंगाबाद के अम्बा स्थित पूजा कॉरपोरेशन, ग्राम एरका, पोस्ट-अम्बा का भी निरीक्षण किया। टीम के पहुंचने पर प्रतिष्ठान सामने से बंद मिला, जबकि पीछे का दरवाजा खुला पाया गया। परिसर में खराब दुर्गंध, अत्यधिक मक्खियां और अस्वच्छ स्थिति मिली। निरीक्षण के दौरान खाली बोतलें, प्रीफॉर्म, जली हुई सामग्री तथा कारीगरों के कपड़े आदि पाए गए। परिसर में कारीगर द्वारा काम किए जाने के संकेत भी मिले। टीम ने निरीक्षण से संबंधित फोटोग्राफिक साक्ष्य और प्रतिवेदन तैयार किया है। मामले में खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पटना में मिठाई प्रतिष्ठान से चार नमूने संग्रहित :
खाद्य सुरक्षा टीम ने पटना के कुम्हरार टोली, बहादुरपुर रोड स्थित प्रमोद कन्फेक्शनरी एंड फूड प्रोडक्ट्स का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। पटना सिटी के अनुमंडल पदाधिकारी एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी की मौजूदगी में प्रतिष्ठान से खोवा, घी, रसगुल्ला और काजू बर्फी के चार वैधानिक नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। निरीक्षण के दौरान भंडारण एवं उत्पादन क्षेत्र के बीच विभाजन, कर्मचारियों के ड्रेस कोड, स्वच्छता एवं साफ-सफाई तथा खाद्य सामग्री के भंडारण में पहले आया-पहले निकले और पहले समाप्त होने वाला-पहले निकले व्यवस्था का पालन करने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।
विभाग के अनुसार प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, मिलावट और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के मामलों में लगातार निरीक्षण, नमूना संग्रहण, प्रयोगशाला जांच और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








