AMIT LEKH

Post: गर्भनिरोधक सामग्री की आपूर्ति व्यवस्था होगी और मजबूत

गर्भनिरोधक सामग्री की आपूर्ति व्यवस्था होगी और मजबूत

संकलन : छपरा डेस्क,  01 अक्टूबर 2026 

राज्य स्तरीय प्रशिक्षण में स्वास्थ्य अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण, बेहतर कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मी हुए सम्मानित

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख
पटना, (एक प्रतिनिधि)। स्वास्थ्य संस्थानों से लेकर समुदाय स्तर तक गर्भनिरोधक सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और आपूर्ति शृंखला को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

फोटो : अमिट लेख

राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान, पटना के सभागार में आयोजित प्रशिक्षण में संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मियों ने भाग लिया। वित्तीय वर्ष 2026-27 से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा फैमिली प्लानिंग लॉजिस्टिक मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम (एफपीएलएमआईएस) को सेंट्रल डीवीडीएमएस से एकीकृत किया गया है। इसके माध्यम से स्वास्थ्य संस्थानों के विभिन्न स्तरों पर गर्भनिरोधक सामग्रियों की आपूर्ति शृंखला का प्रबंधन किया जा रहा है। प्रशिक्षण का शुभारंभ राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार की अपर कार्यपालक निदेशक डॉ. अनुपमा सिंह की अध्यक्षता में दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ। प्रशिक्षण में क्षेत्रीय अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी, प्रमंडलीय आशा समन्वयक, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक और जिला औषधि भंडार के भंडारपाल शामिल हुए। प्रमंडल एवं जिला स्तर के कई अधिकारी ऑनलाइन भी जुड़े। प्रशिक्षण में परिवार नियोजन प्रभाग की अपर आयुक्त डॉ. इंदु ग्रेवाल, उनके तकनीकी सलाहकार ध्रुव कुमार एवं श्रीकांत गौतम तथा राज्य स्तर से डॉ. सरिता, निशांत कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने प्रशिक्षण दिया। डॉ. अनुपमा सिंह ने कहा कि परिवार नियोजन जनसंख्या स्थिरीकरण के साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए भी महत्वपूर्ण है। योग्य दंपतियों को सही उम्र में विवाह, पहले बच्चे में देरी, बच्चों के बीच उचित अंतर और छोटे परिवार के लाभ के बारे में परामर्श देने के साथ उनकी पसंद के गर्भनिरोधक साधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है। इस अवसर पर वित्तीय वर्ष 2025-26 में परिवार नियोजन कार्यक्रम में बेहतर कार्य करने वाले प्रमंडल, जिला, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, स्वास्थ्य उपकेंद्र-एचडब्ल्यूसी, चिकित्सक, परिवार नियोजन परामर्शी, आशा फैसिलिटेटर एवं आशा कार्यकर्ताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Recent Post