संकलन : छपरा डेस्क, 01 अक्टूबर 2026
812 से अधिक खाद्य नमूने लिए गए, 35,454 बोतल पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर जब्त
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना, (एक प्रतिनिधि)। राज्य में खाद्य सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग का सघन अभियान जारी है। 27 अगस्त से 1 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न जिलों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए और प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए। नियमों के उल्लंघन के मामलों में अब तक 13 मामलों में अभियोजन की कार्रवाई की गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान अब तक 812 से अधिक खाद्य नमूने संग्रहित किए गए हैं। इनमें दूध एवं दुग्ध उत्पाद, मिठाई, अनाज, दाल, मसाले, खाद्य तेल, पेय पदार्थ, स्ट्रीट फूड और बेकरी उत्पाद समेत विभिन्न खाद्य पदार्थ शामिल हैं।निरीक्षण के दौरान खराब, मिलावटी, संदूषित और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिलने पर उसे नष्ट कराया गया। वैशाली और पश्चिमी चंपारण में 72 किलोग्राम खराब पनीर, जबकि मुजफ्फरपुर क्षेत्र में करीब 105 किलोग्राम संदूषित पनीर नष्ट कराया गया। मुंगेर, पूर्णिया और मधेपुरा में खराब पेड़ा, बर्फी और केक आदि भी नष्ट कराए गए। अभियान के दौरान 35,454 बोतल पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर सीज किया गया। बेगूसराय में एक लीटर की 310 और 500 मिलीलीटर की 1,230 बोतलें जब्त की गईं। खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई रखने, एफआईएफओ व्यवस्था का पालन करने, शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग रखने तथा एफएसएसएआई लाइसेंस या पंजीकरण प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया है।त्योहारी मौसम को देखते हुए मिठाई, डेयरी उत्पाद, पेय पदार्थ और अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभाग ने उपभोक्ताओं से खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकेजिंग, निर्माण एवं उपयोग की अंतिम तिथि तथा एफएसएसएआई लाइसेंस की जानकारी जांचने की अपील की है।








