रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 02 अक्टूबर 2026
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के संदेश को आत्मसात करने का किया आह्वान
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आज जिला मुख्यालय बेतिया सहित जिले के सभी प्रखंडों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर बापू को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर महात्मा गांधी के स्वतंत्रता संग्राम में अतुलनीय योगदान तथा उनके सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सामाजिक समरसता के संदेश को याद किया गया।

जिला मुख्यालय स्थित हरिवाटिका चौक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर जिलाधिकारी, पश्चिम चंपारण तरनजोत सिंह ने माल्यार्पण कर उन्हें शत-शत नमन किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन और उनके विचार आज भी समाज एवं राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं। सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सद्भाव के उनके सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाकर ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की जा सकती है। उन्होंने सभी से बापू के आदर्शों को आत्मसात करते हुए स्वच्छ, समतामूलक एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक, बेतिया कुमार गौतम, उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा सुजीत कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिकों ने भी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। जिले के विभिन्न प्रखंडों में भी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजनों द्वारा महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके विचारों एवं आदर्शों को स्मरण किया गया।








