AMIT LEKH

Post: सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूली विद्यार्थी हुए पुरस्कृत

सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूली विद्यार्थी हुए पुरस्कृत

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 02 अक्टूबर 2026

“स्वच्छता ही सेवा” अभियान की विविध प्रतियोगिताओं में उम्दा प्रदर्शन करने वाले स्कूली विद्यार्थियों के सम्मान में नगर निगम प्रशासन द्वारा आयोजित किया गया समारोह

निबंध लेखन, भाषण, चित्रकला तथा ‘कबाड़ से जुगाड़’ जैसी रचनात्मक प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले दर्जनों चयनित छात्र-छात्राएं की गईं सम्मानित

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत 1 अक्टूबर तक आयोजित विभिन्न सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूली विद्यार्थियों को गांधी जयंती के अवसर पर नगर निगम सभागार में आयोजित समारोह में पुरस्कृत किया गया।

फोटो : मोहन सिंह

निबंध लेखन, भाषण, चित्रकला तथा ‘कबाड़ से जुगाड़’ जैसी रचनात्मक प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले दर्जनों चयनित छात्र-छात्राओं को महापौर गरिमा देवी सिकारिया और नगर निगम के अधिकारियों ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित पर्यावरण और स्वस्थ समाज के निर्माण के प्रति जागरूक होना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता जैसे सामाजिक सरोकारों को लेकर बच्चों की रचनात्मक भागीदारी भविष्य के जिम्मेदार नागरिक तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों में केवल प्रतिस्पर्धा की भावना ही विकसित नहीं होती, बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता भी मजबूत होती है। नगर निगम की ओर से आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य स्वच्छता को दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने तथा विद्यार्थियों के माध्यम से परिवार और समाज तक जागरूकता का संदेश पहुंचाना है। समारोह में पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर उत्साह और उपलब्धि की खुशी दिखी। आयोजन ने स्वच्छ बेतिया के संकल्प को विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा से जोड़ते हुए स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामुदायिक भागीदारी को नई ऊर्जा दी।

Leave a Reply

Recent Post