AMIT LEKH

Post: पश्चिम चंपारण में आई भीषण बाढ़ से करीब 2 लाख लोग प्रभावित

पश्चिम चंपारण में आई भीषण बाढ़ से करीब 2 लाख लोग प्रभावित

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 03 अक्टूबर 2026

बाढ़ आपदा को लेकर जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, मीडिया को विशेष जानकारी

युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य जारी

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, बेतिया कुमार गौतम द्वारा बाढ़ आपदा को लेकर समाहरणालय सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई।

फोटो : मोहन सिंह

इस दौरान जिले में संचालित राहत एवं बचाव कार्यों, प्रभावित आबादी तक पहुंचाई जा रही सहायता तथा प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने बताया कि जिले में प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री एवं आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने का कार्य लगातार जारी है। प्रशासन की विभिन्न टीमें प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय रहकर स्थिति की निगरानी कर रही हैं तथा जरूरत के अनुसार राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 1,92,713 लोग प्रभावित हुए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक रसोई के माध्यम से भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। 30 सितंबर तक 62 तथा 2 अक्टूबर तक 37 सामुदायिक रसोई संचालित की गईं। इन सामुदायिक रसोइयों के माध्यम से 26 सितंबर से अब तक कुल 1,68,530 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया है।

राहत सामग्री के तहत प्रभावित परिवारों के बीच कुल 31,769 सूखा राशन पैकेट तथा 19,310 प्लास्टिक शीट वितरित किए गए हैं। जिला पदाधिकारी ने बताया कि पशुपालकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भी प्रशासन द्वारा लगातार सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। जिले में कुल 89 क्विंटल पशु चारा वितरित किया गया है तथा 18 पशु राहत शिविर संचालित किए जा रहे हैं। पशुओं के उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधा के लिए पशु चिकित्सा दल भी प्रभावित क्षेत्रों में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी तथा आवश्यकता के अनुरूप संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

प्रशासन की टीमें क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर स्थिति का जायजा ले रही हैं और स्थानीय स्तर पर प्राप्त आवश्यकताओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने भी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा, राहत एवं बचाव कार्यों में पुलिस बल की सक्रिय भूमिका तथा प्रशासन के साथ समन्वय की जानकारी दी। इस अवसर पर अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन अमरेंद्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता-सह-जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती रोचना माद्री तथा प्रभारी पदाधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन शाखा श्रीमती नगमा तबस्सुम उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Recent Post