रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 14 अक्टूबर 2026
MedLEaPR पोर्टल के उपयोग, फोरेंसिक साक्ष्य के वैज्ञानिक संकलन एवं अभियोजन प्रक्रिया के प्रभावी अनुपालन पर दिया जाएगा विशेष प्रशिक्षण
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने, नए आपराधिक कानूनों के प्रावधानों का बेहतर अनुपालन सुनिश्चित करने तथा अभियोजन पक्ष की गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, पश्चिम चम्पारण द्वारा पुलिस पदाधिकारियों एवं चिकित्सकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 28, 29 एवं 31 अक्टूबर, 2026 को पूर्वाह्न 10:30 बजे से समाहरणालय सभागार, पश्चिम चम्पारण, बेतिया में किया जाएगा। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बगहा पुलिस जिला के 87, बेतिया पुलिस जिला के 73 तथा चिकित्सक वर्ग के 123 नामित प्रतिभागियों सहित कुल 283 प्रतिभागी शामिल होंगे। प्रशिक्षणार्थियों को तीन समूहों में विभाजित किया गया है। प्रथम दिवस 28 अक्टूबर को 95, द्वितीय दिवस 29 अक्टूबर को 94 तथा तृतीय दिवस 31 अक्टूबर को 94 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान MedLEaPR पोर्टल के माध्यम से जख्म प्रतिवेदन, अंत्य परीक्षण प्रतिवेदन एवं अन्य चिकित्सकीय प्रतिवेदनों के ऑनलाइन निष्पादन की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, घटनास्थल से भौतिक एवं जैविक साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन, पैकेजिंग, सीलिंग, लेबलिंग, संरक्षण एवं हस्तांतरण की प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम में चिकित्सकीय प्रतिवेदन, पुलिस अनुसंधान एवं अभियोजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, न्यायालय में साक्ष्यों की प्रभावी प्रस्तुति तथा अभियोजन से संबंधित प्रक्रियाओं के व्यावहारिक अनुपालन के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रतिभागियों की शंकाओं के समाधान के लिए व्यावहारिक प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया जाएगा। फोरेंसिक जांच के लिए साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन, संरक्षण एवं हस्तांतरण से संबंधित प्रशिक्षण हेतु पुलिस अधीक्षक, पश्चिम चम्पारण, बेतिया द्वारा विशेषज्ञ की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। वहीं, MedLEaPR पोर्टल के उपयोग से संबंधित प्रशिक्षण के लिए सिविल सर्जन, पश्चिम चम्पारण द्वारा प्रशिक्षक नामित किए जाएंगे। अभियोजन संबंधी विषयों पर जानकारी देने के लिए मुख्य अभियोजक, पश्चिम चम्पारण द्वारा प्रशिक्षक की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। जिला पदाधिकारी, तरनजोत सिंह द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पश्चिम चम्पारण, बेतिया एवं बगहा को निर्धारित दिनवार सूची के अनुसार संबंधित अनुसंधानकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। सिविल सर्जन, पश्चिम चम्पारण नामित चिकित्सकों को निर्धारित दिवस पर प्रशिक्षण में भाग लेने हेतु विरमित करेंगे। संबंधित प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण के लिए आवश्यक पीपीटी उपलब्ध कराई जाएगी। तकनीकी सहायता जिला आईटी प्रबंधक, पश्चिम चम्पारण, बेतिया द्वारा प्रदान की जाएगी।








