रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 14 अक्टूबर 2026
दुर्गापूजा से पूर्व क्षतिग्रस्त सड़कों को आवागमन योग्य बनाने तथा स्थायी पुनर्स्थापन कार्यों की प्रक्रिया अविलंब शुरू करने का निर्देश
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। जिला पदाधिकारी, पश्चिम चम्पारण, तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बाढ़ प्रभावित प्रखंडों में क्षतिग्रस्त आधारभूत संरचनाओं की मरम्मत एवं पुनर्बहाली कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को पुनर्बहाली कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि बाढ़ के कारण जहां-जहां तटबंधों में बड़े पैमाने पर कटाव अथवा क्षति हुई है, वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत एवं पुनर्स्थापन कार्य यथाशीघ्र पूर्ण कराएं। उन्होंने ग्रामीण कार्य विभाग एवं पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों को दुर्गापूजा से पूर्व आवागमन योग्य बनाना सुनिश्चित करें, ताकि आम लोगों को आवागमन में कठिनाई न हो। साथ ही, जहां स्थायी पुनर्स्थापन कार्य कराया जाना है, वहां विभागीय स्तर पर निविदा सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं अविलंब प्रारंभ करने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अंचलाधिकारियों को राहत कार्यों का सत्यापन कराने तथा पात्र लाभुकों तक सहायता पहुंचाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राहत एवं पुनर्बहाली कार्यों के क्रियान्वयन में तत्परता बरती जाए तथा सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। विद्युत व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग को बाढ़ से क्षतिग्रस्त ट्रांसफॉर्मरों एवं अन्य विद्युत आधारभूत संरचनाओं का आकलन कर शीघ्र मरम्मत एवं विद्युत आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त, दुर्गापूजा के मद्देनजर सुरक्षा के दृष्टिकोण से भीड़भाड़ वाले स्थलों का आकलन कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने तथा अधीनस्थ अभियंताओं एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने को कहा गया। बैठक में अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन अमरेंद्र कुमार, प्रभारी जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी श्रीमती नगमा तबस्सुम सहित सभी अनुमंडल पदाधिकारी, संबंधित अंचलाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।








