AMIT LEKH

Post: एकमा में पेट्रोल से भरे गैलन के गिरते ही लगी आग, दो बाइक जलकर राख; एक लिट्टी की दुकान भी जली

एकमा में पेट्रोल से भरे गैलन के गिरते ही लगी आग, दो बाइक जलकर राख; एक लिट्टी की दुकान भी जली

रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 14 अक्टूबर 2026

एक बाइक सवार गैलन में पेट्रोल भरकर घर ले जा रहा था, इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी टक्कर हो गई

टक्कर के बाद दोनों बाइक सड़क पर गिर गईं और पेट्रोल फैलने से आग भड़क उठी

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

छपरा/एकमा, (सारण)। एकमा थाना क्षेत्र में पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल अंतर्गत एकमा रेलवे स्टेशन की पूर्वी रेलवे गुमटी के समीप बुधवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक बाइक पर पीछे रखे गैलन के नीचे गिरने से पेट्रोल गिर गया, जिससे आग लग गई।

फोटो : संवाददाता

देखते ही देखते दोनों बाइक आग की चपेट में आ गईं। बाइक सवारों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। हालांकि, दोनों बाइक चालकों की पहचान नहीं हो सकी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा नगर पंचायत बाजार स्थित पूर्वी रेल गुमटी व हनुमान मंदिर के समीप हुआ। एक बाइक सवार गैलन में पेट्रोल भरकर घर ले जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों बाइक सड़क पर गिर गईं और पेट्रोल फैलने से आग भड़क उठी। आग की लपटें उठती देख बाजार में अफरातफरी मच गई।

दुकानदारों और ग्रामीणों ने बुझाई आग :

आग लगने के बाद आसपास के दुकानदारों और ग्रामीणों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर एकमा थानाध्यक्ष रामबालक यादव भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

छाया : अमिट लेख

अग्निशमन विभाग की दमकल गाड़ी भी घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि, आग पर काबू पाए जाने तक दोनों बाइक जलकर पूरी तरह राख हो चुकी थीं।

आग की चपेट में आई लिट्टी की दुकान :

हादसे में हनुमान मंदिर के समीप संचालित एक अस्थायी लिट्टी की दुकान भी आग की चपेट में आकर जल गई। दुकान पर मौजूद लोगों और दुकानदार ने भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद बाजार में लोगों की भीड़ जुट गई।

आसपास के ग्रामीण और दुकानदार मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी लेते रहे।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल :

घटना के दौरान मौजूद कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से आग लगने का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हादसे को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Recent Post