रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 15 अक्टूबर 2026
शिक्षकों से आनंद पुष्कर के पक्ष में प्रथम वरीयता का वोट देने की अपील, योगिया हाईस्कूल के निर्माणाधीन भवन का भी किया निरीक्षण
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
एकमा/रसूलपुर, (सारण)। एकमा विधान सभा के जदयू विधायक मनोरंजन सिंह धूमल ने गुरुवार को क्षेत्र के विभिन्न हाईस्कूलों का दौरा कर सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित प्रत्याशी आनंद पुष्कर के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की ओर से किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में शिक्षा व्यवस्था के विकास के लिए कई कदम उठाए गए हैं और आगे भी इस दिशा में काम जारी रहेगा। विधायक श्री सिंह ने शिक्षकों से आनंद पुष्कर को प्रथम वरीयता का वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षक बहाली और शिक्षा के विकास के क्षेत्र में एनडीए सरकार ने कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उन्होंने शिक्षकों से निर्वाचन में सोच-समझकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया। विधायक ने यह भी कहा कि राज्य के शिक्षकों को सातवें वेतनमान का लाभ दिलाने की दिशा में सरकार की ओर से पहल की जाएगी। इस संबंध में उन्होंने शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के बयान का भी उल्लेख किया।
निर्माणाधीन भवन का किया निरीक्षण :
अपने दौरे के क्रम में एकमा विधायक मनोरंजन सिंह धूमल ने रसूलपुर क्षेत्र के आरएन हाईस्कूल, योगियां में चल रहे भवन निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा लिया और कहा कि योगियां हाईस्कूल में प्लस टू स्तर की पढ़ाई के लिए भवन निर्माण की दिशा में भी जल्द पहल की जाएगी।
विधायक के दौरे के दौरान एकमा प्रखंड जदयू अध्यक्ष राजेश्वर सिंह, विपिन सिंह, बच्चा सिंह, विकास कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।








