AMIT LEKH

Post: दशहरा पर छपरा में बदलेगा ट्रैफिक रूट, 17 अक्टूबर से मूर्ति विसर्जन तक लागू रहेगी व्यवस्था

दशहरा पर छपरा में बदलेगा ट्रैफिक रूट, 17 अक्टूबर से मूर्ति विसर्जन तक लागू रहेगी व्यवस्था

रिपोर्ट : छपरा डेस्क,  15 अक्टूबर 2026

20 अक्टूबर को रावण दहन के दौरान कई सड़कों पर वाहनों की आवाजाही पर रोक, तीन स्थानों पर होगी पार्किंग की व्यवस्था

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

छपरा, (सारण)। दशहरा-2026 और 20 अक्टूबर को आयोजित होने वाले रावण पुतला दहन कार्यक्रम को लेकर छपरा शहर में यातायात नियंत्रण एवं पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। आम नागरिकों की सुविधा और शहर में यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए सदर अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने संयुक्त आदेश जारी किया है। इसके तहत 17 अक्टूबर से मूर्ति विसर्जन संपन्न होने तक यातायात संबंधी निर्देश लागू रहेंगे। प्रशासन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, मांझी, मलमलिया, बनियापुर और अन्य मार्गों से छपरा शहर आने वाले बड़े एवं भारी वाहनों का परिचालन निर्धारित मार्गों से कराया जाएगा। ऐसे वाहन उमधा और मेथवलिया के रास्ते अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। नगरपालिका चौक, बाजार समिति और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहनों के प्रवेश एवं पार्किंग पर प्रतिबंध रहेगा। फल, सब्जी और एफसीआई से संबंधित वाहनों को निर्धारित बाजार समिति क्षेत्र तक ही जाने की अनुमति होगी। भिखारी ठाकुर चौक, गांधी चौक और नौवाजी टोला से जुड़े प्रमुख मार्गों पर भी बड़े वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी।

तीन स्थानों पर होगी वाहनों की पार्किंग :

दशहरा के दौरान शहर में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए तीन एवं चारपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए तीन स्थान निर्धारित किए गए हैं। इनमें जगदम कॉलेज का मैदान, छपरा हवाई अड्डा का मैदान और डॉ. प्रभुनाथ सिंह कॉलेज का मैदान शामिल हैं। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करने की अपील की है।

20 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से विशेष प्रतिबंध :

रावण पुतला दहन कार्यक्रम के दिन 20 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से दरोगा राय चौक से डाकबंगला-थाना चौक की ओर जाने वाली सड़क तथा गोपेश्वर नगर से शिशु पार्क की ओर जाने वाली सड़क पर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। वरीय पदाधिकारियों के वाहनों की पार्किंग हनुमान मंदिर परिसर में की जाएगी। वहीं, अन्य सरकारी वाहनों के लिए गर्ल्स हाईस्कूल, छपरा का परिसर एवं खाली मैदान निर्धारित किया गया है।

यातायात नियमों का पालन करने की अपील :

छोटी एवं चारपहिया गाड़ियों के परिचालन के लिए भी प्रमुख चौक-चौराहों और संपर्क मार्गों पर निर्धारित दिशा एवं मार्ग के अनुसार व्यवस्था लागू रहेगी। आवश्यकतानुसार विभिन्न मार्गों पर यातायात प्रतिबंध भी लगाए जाएंगे।
प्रशासन ने आम नागरिकों से निर्धारित मार्गों का उपयोग करने तथा यातायात व्यवस्था में तैनात पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही, दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग देने का आग्रह किया गया है।

Leave a Reply

Recent Post