रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 15 अक्टूबर 2026
जंगल सफारी के लिए वन विभाग में तैयारी शुरू कर दी है
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। महर्षि वाल्मीकि की तपोभूमि वाल्मीकि नगर फिर से एक बार पर्यटकों के चहल-कदमी से गुलजार होने जा रहा है। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वी टीआर) के वन प्रमंडल-दो अंतर्गत वाल्मीकि नगर वन क्षेत्र में 17 अक्टूबर 26 से नए पर्यटन सत्र की शुरुआत होने जा रही है।

इसके लिए वन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। लगभग चार महीने बाद जंगल सफारी शुरू होने से जंगल कैंप में पर्यटकों की चहल-पहल लौटने और स्थानीय कारोबार को गति मिलने की उम्मीद है।
वन विभाग के पदाधिकारी जंगल सफारी को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे :
पर्यटकों के स्वागत के लिए जंगल कैंप को रंग-बिरंगे फूलों और मालाओं से सजाने की तैयारी की जा रही है । पर्यटन गतिविधियों से जुड़े वनकर्मियों, सफारी चालकों और नेचर गाइडों में भी उत्साह है। बरसात के मौसम में पर्यटन बंद रहने के कारण पिछले चार महीनों से जंगल कैंप और आसपास के पर्यटन स्थलों पर सन्नाटा पसरा था।

पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने जंगल सफारी मार्गों में बने गड्ढों एवं सड़कों की मरम्मत कराई जा रही है। वन मार्गों को दुरुस्त करने के साथ व्यू प्वाइंट को भी व्यवस्थित किया गया है। जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को जंगल कैंप से करीब 23 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी। वन विभाग का प्रयास है कि पर्यटकों को सुरक्षित और बेहतर वन भ्रमण का अनुभव प्राप्त हो सके।








