AMIT LEKH

Post: लगातार बारिश से फसलों को हुए नुकसान पर विधायक ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

लगातार बारिश से फसलों को हुए नुकसान पर विधायक ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 31 अक्टूबर 2026

किसानों को मुआवजा देने की मांग

‘अर्नव’ के प्रभाव से लगातार दो दिनों तक हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है

विभिन्न इलाकों में खेतों में लगी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। ‘अर्नव’ के प्रभाव से लगातार दो दिनों तक हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। विभिन्न इलाकों में खेतों में लगी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस गंभीर समस्या को लेकर चनपटिया के विधायक अभिषेक रंजन ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर प्रभावित क्षेत्रों में अविलंब स्थलीय सर्वेक्षण कराने तथा क्षति का वास्तविक आकलन कराकर किसानों को नियमानुसार उचित मुआवजा एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में विधायक ने कहा है कि चनपटिया विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में लगातार बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो रही हैं। खेती-किसानी पर निर्भर परिवारों की आजीविका प्रभावित हुई है। किसानों ने अपनी जमा पूंजी और कड़ी मेहनत लगाकर फसल तैयार की थी, लेकिन मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों ने उनकी उम्मीदों को झटका दिया है। ऐसे में प्रभावित परिवारों के समक्ष आर्थिक परेशानियां बढ़ने की आशंका है। विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि कृषि एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्रभावित इलाकों में भेजकर जल्द से जल्द खेतों का निरीक्षण कराया जाए। सर्वेक्षण पारदर्शी तरीके से हो, ताकि वास्तविक नुकसान झेलने वाले किसी भी किसान का नाम सहायता सूची से छूटने न पाए। साथ ही, फसल क्षति का आकलन निर्धारित मानकों के अनुरूप कराकर पात्र किसानों को समयबद्ध तरीके से मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। अभिषेक रंजन ने कहा कि किसानों की आजीविका मुख्य रूप से कृषि पर निर्भर है। प्राकृतिक आपदा के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिरना बेहद चिंताजनक है। संकट की इस घड़ी में सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए प्रभावित अन्नदाताओं को राहत पहुंचाने के लिए त्वरित कदम उठाने चाहिए।

Leave a Reply

Recent Post