नवादा थाना क्षेत्र के नवादा चौक स्थित चूड़ी गली में नौंवी कक्षा की छात्रा को गोली मारे जाने की घटना का पुलिस ने राजफाश कर दिया है
अरुण कुमार ओझा, अनुमंडल ब्यूरो
– अमिट लेख
आरा/भोजपुर। नवादा थाना क्षेत्र के नवादा चौक स्थित चूड़ी गली में नौंवी कक्षा की छात्रा को गोली मारे जाने की घटना का पुलिस ने राजफाश कर दिया है। पुलिस ने कांड में संलिप्त चार आरोपितोंं को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इसके साथ ही इस घटना में इस्तेमाल हुए एक पिस्टल के अलावा एक देसी कट्टा व तीन कारतूस बरामद किया गया है। इसकी जानकारी गुरुवार को एसपी प्रमोद कुमार ने पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। प्रेस वार्ता के दौरान एसपी ने बताया कि नवादा थाना के श्रीटोला निवासी विकास कुमार और ऋतिक कुमार समेत चार को गिरफ्तार किया गया है। इसमें दो नाबालिग हैं। वहीं, दो अन्य की तलाश जारी है। एसपी ने आगे बताया कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर आरोपितों को चिह्नित कर गिरफ्तारी की गई है। मालूम हो कि आठ अगस्त दोपहर ढाई बजे जब नौंवी कक्षा की छात्रा नवादा चौक स्थित बीडी पब्लिक स्कूल से छूट्टी के बाद अपनी सहेलियों के साथ घर जा रही थी तभी चुड़ी गली में घात लगाए शोहदों ने उसे गोली मार दी थी। जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल छात्रा के पिता ने अपने बयान में यह भी जिक्र किया था कि तीनों लड़के अक्सर स्कूल के पास खड़े रहते थे। घटना के दिन चूड़ी गली में तीन की संख्या में खड़े बदमाशों ने पहले छात्रा से कहा कि वह उसे मार देंगे, जिसके बाद जब छात्रा ने डांटते हुए उनसे पूछा कि किसे ऐसा बोल रहे हो। इस पर शोहदों ने कहा कि आपस में बात कर रहे हैं। पिता ने आगे बताया कि इसके बाद तीनों बदमाशों में से एक ने कहा कि मार दो गोली। इस पर लड़के ने गोली चला दी, जिससे छात्रा घायल हो गई। एसपी के अनुसार पूछताछ में पकड़े गए आरोपितों ने बताया है घटना के दिन गली में खड़े होकर वे अवैध हथियार के साथ सेल्फी ले रहे थे, उसी दौरान खींचतान में गोली चल गई थी। जिसके बाद छात्रा घायल हो गई। ऋतिक पिस्टल लेकर आया था। पूछताछ से यह भी पता चला है कि कुछ लड़कियों के बॉयफ्रेंड भी गली में आते थे, जिसका आरोपी अक्सर विरोध किया करते थे।








