सफाई व्यवस्था पर पार्षदों ने जतायी नाराजगी
न्यूज़ डेस्क, पूर्वी चंपारण
दिवाकर पाण्डेय
-अमिट लेख
मोतिहारी (जिला ब्यूरो)। नगर निगम की बैठक सोमवार को हुई। चार माह बाद बैठक बुलाये जाने को लेकर पार्षदों में नाराजगी थी। महापौर प्रीति गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उपस्थित पार्षदों ने इसको लेकर नाराजगी जतायी। एनजीओ द्वारा की जा रही सफाई सफाई की व्यवस्था से अधिकांश वार्ड पार्षद नाराज दिखे। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, आईसीडीएस, बिजली,आपूर्ति, नगर विकास प्रमंडल और वन विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। बोर्ड की बैठक चार महीने बाद आयोजित किए जाने के मुद्दे पर महापौर ने वार्ड पार्षदों से कहा कि बीच में राष्ट्रपति का कार्यक्रम था। इसके अलावा छठ ओर अन्य त्योहारों को लेकर समयाभाव में बोर्ड की बैठक तीन माह बाद चौथे महीने में आयोजित हुई। बोर्ड की बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित कई प्रस्ताव तैयार किया गया जिसे संबंधित विभाग को कार्यपालक पदाधिकारी के माध्यम से भेजा जाएगा।
क्या कहते है पार्षद
वार्ड पार्षद धीरज कुमार ने बोर्ड की बैठक को असफल बताया। कहा कि पार्षदों में साफ सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी है। डोर-टू-डोर कचरा उठाव का कार्य एनजीओ से कराया जा रहा है। जो काम पहले 42 से 50 हजार में होता था, उसके लिए एनजीओ को 82 लाख पेमेंट किया जा रहा है। फिर भी शहर में गंदगी का अंबार लगा है। नगर निगम में गरीबों का शोषण हो रहा है। बिना पैसा का एक काम भी नहीं होता है। नगर निगम भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है।








