AMIT LEKH

Post: पौधरोपण के प्रति मानव को समर्पित होना होगा : पेड़ बाबा

पौधरोपण के प्रति मानव को समर्पित होना होगा : पेड़ बाबा

रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 13 अक्टूबर 2026

* मधु नर्सरी पहुंचे वृक्ष-संरक्षण के मनीषी मनीष तिवारी
* पर्यावरण मित्र डॉ. सत्य प्रकाश के प्रयासों को मुक्तकंठ से की सराहना

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख
हथुआ, (गोपालगंज)। जीवन तभी सुरक्षित रहेगा, जब धरती पर वृक्ष सुरक्षित रहेंगे। पौधरोपण और वृक्षों के संरक्षण के प्रति प्रत्येक मनुष्य को समर्पित होना होगा। तभी हम अपनी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित पर्यावरण की अमूल्य धरोहर सौंप सकेंगे।

फोटो : संवाददाता

उक्त बातें वृक्ष-संरक्षण के प्रति आजीवन समर्पित पेड़ बाबा के नाम से विख्यात मनीष तिवारी ने कहीं। वे एक दिवसीय यात्रा पर गोपालगंज पहुंचे थे। इस अवसर पर हथुआ प्रखंड के बरवां कपरपुरा स्थित मधु नर्सरी में पर्यावरण मित्र डॉ. सत्य प्रकाश ने उनका आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया। डॉ. सत्य प्रकाश ने उन्हें अंगवस्त्र, पौधा एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। प्रकृति संरक्षण के प्रति समर्पित दो व्यक्तित्वों का यह मिलन पर्यावरण प्रेमियों के लिए विशेष प्रेरणादायी रहा। सम्मान ग्रहण करने के पश्चात पेड़ बाबा ने कहा कि जीवन की रक्षा के लिए अधिकाधिक पौधे लगाना और उनका समुचित संरक्षण करना समय की अनिवार्य आवश्यकता है। प्रकृति ने हमें वायु, जल और जीवन जैसी अमूल्य नेमतें विरासत में दी हैं, जिनका प्रत्यक्ष मूल्य भले ही दिखाई न दे, लेकिन उनके अभाव में जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती। दुर्भाग्यवश, मनुष्य प्रकृति के इन अनमोल उपहारों का महत्त्व नहीं समझ पा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार धरती का तापमान निरंतर बढ़ रहा है, वह संपूर्ण मानव समाज के लिए गंभीर चेतावनी है। अब समय केवल चिंता व्यक्त करने का नहीं, बल्कि प्रकृति के संरक्षण के लिए धरातल पर ठोस पहल करने का है। प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प लेना चाहिए। सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में पर्यावरण संरक्षण से बढ़कर कोई कार्य नहीं हो सकता, क्योंकि इसका लाभ समस्त जीव-जगत को प्राप्त होता है। पेड़ बाबा ने पर्यावरण मित्र डॉ. सत्य प्रकाश द्वारा वर्षों से किए जा रहे पौधरोपण, पौधा वितरण तथा वृक्ष-संरक्षण के प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का ध्येय बना लेता है, उसका योगदान केवल वर्तमान समाज तक सीमित नहीं रहता, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को भी सुरक्षित करता है। ऐसे समर्पित पर्यावरण साधकों को सरकार की ओर से समुचित संरक्षण, प्रोत्साहन एवं सहयोग मिलना चाहिए, ताकि उनके प्रयास व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर सकें। अपनी एक दिवसीय यात्रा के दौरान पेड़ बाबा ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें पौधरोपण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने और हरित भविष्य के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर पूर्व मुखिया विंदेश्वरी ठाकुर, डॉ. राम विष्णु प्रसाद, उदय चंद्र प्रजापति, शिक्षक राजीव कुमार मिश्र, वेद प्रकाश सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Recent Post