हमारे विशेष ब्यूरो बिहार दिवाकर पाण्डेय की रिपोर्ट :
मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे राज्यपाल
न्यूज डेस्क, राजधानी पटना
दिवाकर पाण्डेय
– अमिट लेख
पटना, (विशेष ब्यूरो)। आरजेडी के एक और विधायक ने बीजेपी का दामन थाम लिया। बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का आज आखिरी दिन रहा। विधान मंडल में विधानसभा से पारित सभी 10 विधेयकों को पास कर लिया गया है। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आवास पर मिले और जन्मदिन की बधाई दी। पीएम मोदी ने भी ट्वीट कर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री कल बिहार के दौरे पर आ रहे हैं। औरंगाबाद और बेगूसराय में कई बड़ी योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। मुजफ्फरपुर में दवा व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस चौकी के पास वारदात को अंजाम दिया गया। बिहार का पहला स्क्रैप सेंटर बख्तियारपुर में खुल गया है। बिहार विधानसभा में एक बार फिर राजद को बड़ा झटका लगा। शुक्रवार को राजद के भभुआ विधायक भरत बिंद ने पार्टी छोड़ते हुए सत्ता पक्ष का दामन थाम लिया। गत 15 दिनों में राजद में यह पांचवीं टूट है। इससे पहले चार राजद और कांग्रेस के दो विधायक सत्ता पक्ष का दामन थाम चुके हैं। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पटना के 1, अणे मार्ग स्थित संकल्प में मुलाकात कर उन्हें पुष्प गुच्छ भेंटकर जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा सुदीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को अंगवस्त्र भेंटकर उनका स्वागत किया। बिहार विधानसभा के आखिरी दिन आज सदन की कार्यवाही से पहले माले के विधायकों ने तख्ती लेकर विरोध प्रदर्शन किया। जिसमें लिखा था कि बिहार में योगी राज का माफिया मॉडल का विस्तार मंजूर नहीं। तो वहीं विधान परिषद में नेता विरोधी राबड़ी देवी की अध्यक्षा में सदन के बाहर राजद के नेताओं ने विरोध जताया। भ्रष्टाचार, लूट और कानून व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन किया। सीएम नीतीश कुमार को 73वें जन्मदिन पर विधानसभा में दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा समेत सदन के सदस्यों और पदाधिकारियों ने बधाई दी। इस दौरान विधानसभा स्पीकर नंद किशोर यादव ने भी गुलदस्ता देकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। इस मौके पर राज्यसभा सांसद संजय झा और नीतीश सरकार में मंत्री रहे अशोक चौधरी भी मौजूद रहे। हम के संस्थापक जीतन राम मांझी ने भी सदन में नीतीश कुमार को जन्मदिन की बधाई दी।








