हमारे विशेष ब्यूरो बिहार दिवाकर पाण्डेय की रिपोर्ट :
न्यूज डेस्क, राजधानी पटना
दिवाकर पाण्डेय
– अमिट लेख
पटना, (विशेष ब्यूरो)। कॉलेज और विश्वविद्यालयों से चार वर्षीय सामान्य स्नातक (बीए, बीएससी और बीकॉम) पाठ्यक्रम में नामाकंन लेने वाले छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। नई शिक्षा नीति के तहत इस वर्ष से शुरू होनेवाली चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के लिए भी उन्हें बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड से लोन मिलेगा। अलग-अलग शहरों में इसके तहत पढ़ाई के लिए अलग-अलग राशि तय की गई है। इच्छुक छात्र-छात्राएं लोन के लिए जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (डीआरसीसी) में संपर्क कर सकते है। राज्य से बाहर रहकर सामान्य स्नातक कोर्स करने वाले छात्रों के लिए भी यह सुविधा उपलब्ध होगी। राज्य सरकार की ओर से चार वर्षीय कोर्स के लिए स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड की सुविधा देने के निर्णय के बाद बिहार राज्य वित्त निगम ने डीआरसीसी को पत्र भेज दिया है। पटना डीआरसीसी की प्रबंधक पूनम पाल ने बताया कि इसके लिए छज्जूबाग स्थित डीआरसीसी सेंटर पर जानकारी के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। वैसे तो इस योजना से चार लाख रुपये लोन लेने की सुविधा है, लेकिन सामान्य कोर्स का फीस कम होता है इसीलिए उसे शहर के अनुसार लोन देने की सुविधा दी गई है।
सामान्य कोर्स के लिए निर्धारित की गई राशि छोटे शहर (जिला मुख्यालय ) सालाना 52 हजार रुपये मध्यम शहर (राज्यों के राजधानी एवं उसके समकक्ष शहर) – सालाना 62 हजार रुपये बड़े शहर (महानगर जैसे दिल्ली, मुंबई, चेन्नई आदि) – सालाना 72 हजार रुपये।








