AMIT LEKH

Post: नव निर्वाचित विधायक का तरुअनवा के ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत 

नव निर्वाचित विधायक का तरुअनवा के ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत 

बगहा से हमारे संवाददाता की रिपोर्ट : 

अंचल में पूर्व विधायक की कारगुजारी से व्यथित ग्रामीणों ने बाबुओं और कर्मचारी बन्धुओं की धन लोलुपता पर लगाम लगाने के साथ हीं लंबित भूमि विवादों को शीघ्र निपटाने की भी विधायक से मांग की

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

बगहा, (जगमोहन काजी)। शुक्रवार को वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित विधायक जनता से मिलने के कार्यक्रम के तहत तरुअनवा गांव पहुंचे। थारूहट क्षेत्र के तरुअनवा गांव में विधायक के आगमन को ले ग्रामीणों में विशेष ख़ुशी देखने को मिली। ग्रामीणों ने विधायक को फूल माला से स्वागत किया।

फोटो : जगमोहन काजी

पूर्व के दो पारी में भले हीं सुशासन सरकार में थरूहट विकास योजनाओं की बयार बहाई गई हो लेकिन, अभी भी इस क्षेत्र की जनता आवागमन और चिकित्सा व्यवस्था के निपटारों तथा बाजार हाट करने के लिए प्रत्येक बरसात में उचित तथा सहज़ यातायात से कोसों दूर है। गांव को मुख्य सड़क से अलग करते कई नदी नाले पुल पुलिया के अभाव के चलते लोगों को दुष्कर यातायात का सहज़ हीं बोध कराते हैँ। स्थानीय स्तर पर थाना पुलिस, और प्रखंड तथा अंचल कार्यों के निपटारे में छाई अराज़कता और बिचौलियों की आपा धापी से जनता त्रस्त है। सभी ग्रामीणों ने कांग्रेस के अपने नये विधायक से बहुतेरे समस्याओं का निदान माँगा।

लोगों को समझाते हुये विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने सपाट और सरल भाषा में भरोसा दिया की आपलोगों ने जिस स्नेह और प्यार से मुझपर और अपनी बिसर चुकी पार्टी कांग्रेस पर भरोसा कर मुझे यह ताज़ पहनाया है, मैं विश्वास दिलाना चाहूंगा की क्षेत्र की समस्याओं को नित्यप्रति सदन में उठाऊंगा और सभी समस्याओं का शीघ्र से शीघ्र निष्पादन भी कराऊंगा। उन्होंने कहा की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के साथ हीं मेरे प्रयास से क्षेत्र में रोजगार की भी सम्भावना बढ़ेगी, आपकी समस्याओं को जितना भी बन सकेगा सुलझाने का मैं प्रयास करूँगा। अंचल में पूर्व विधायक की कारगुजारी से व्यथित ग्रामीणों ने बाबुओं और कर्मचारी बन्धुओं की धन लोलुपता पर लगाम लगाने के साथ हीं लंबित भूमि विवादों को शीघ्र निपटाने की भी विधायक से मांग की। इस अवसर पर ग्रामीणों में सर्वश्री गुमास्ता तरुअ नवा रामप्रसाद काजी, मुन्ना काजी, रघुनाथ महतो, योगेंद्र महतो, चिंतामणि महतो, चंद्रशेखर महतो, जनार्दन ठाकुर, छविन्द्र महतो, डॉ. कमलेश तथा मुकेश काजी सहित सैकड़ो ग्रामीण उपस्थित रहे।

Comments are closed.

Recent Post