बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
गोपालपुर थाना क्षेत्र में एक बारात के दौरान युवक का हथियार लहराते हुए डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां खुशी के माहौल में कानून की धज्जियां उड़ाना एक युवक को काफी महंगा पड़ गया। गोपालपुर थाना क्षेत्र में एक बारात के दौरान युवक का हथियार लहराते हुए डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में युवक ‘मारब सिक्सर के 6 गोली तोरा छाती में’ जैसे भड़काऊ गाने पर हाथ में देसी कट्टा लेकर सरेआम नाचता हुआ दिखाई दे रहा था। जैसे ही यह वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया, प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वीडियो में दिख रहे मुख्य आरोपी करण कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी बृजकिशोर यादव फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है। स्थानीय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हर्ष फायरिंग या हथियारों का सार्वजनिक प्रदर्शन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।








