बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
विधायक अभिषेक रंजन ने स्पष्ट कहा कि चनपटिया क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों और जनहित की रक्षा के लिए उनकी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिम चंपारण जिले के चनपटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकरहना नदी में हो रहे लगातार अवैध खनन का गंभीर मामला बिहार विधानसभा में गूंजा। चनपटिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक अभिषेक रंजन ने शून्यकाल के दौरान इस विषय को सदन में उठाते हुए सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

विधायक ने सदन को अवगत कराया कि सिकरहना नदी के नुनियावा टोला, पकडिहार घाट एवं मझौलिया के तिरहवां क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बालू खनन किया जा रहा है। इससे न केवल नदी की प्राकृतिक संरचना को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि पर्यावरण असंतुलन और आसपास के गांवों में कटाव व बाढ़ का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। अभिषेक रंजन ने आरोप लगाया कि इस अवैध खनन में खनन विभाग के पदाधिकारियों एवं स्थानीय थाना की मिलीभगत की चर्चाएं आम हैं, जिसके कारण अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन की भूमिका की निष्पक्ष जांच नहीं की गई, तो अवैध खनन पर अंकुश लगाना संभव नहीं होगा। विधायक ने सरकार से मांग की कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों एवं खनन माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सिकरहना नदी क्षेत्र के लोगों की आजीविका, पर्यावरण सुरक्षा और कानून व्यवस्था से यह मामला सीधे जुड़ा हुआ है। शून्यकाल में उठाए गए इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध खनन से नदी का अस्तित्व संकट में है और प्रशासनिक कार्रवाई की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। विधायक अभिषेक रंजन ने स्पष्ट कहा कि चनपटिया क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों और जनहित की रक्षा के लिए उनकी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।








