बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
इस गंभीर स्थिति को गुरुवार को चनपटिया से कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन ने विधानसभा में उठाया
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिम चंपारण जिले के चनपटिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय का भवन अत्यंत जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है, जिससे कभी भी गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। भवन की छत और दीवारें कमजोर हो चुकी हैं। इस कार्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम नागरिक प्रशासनिक एवं राजस्व कार्यों के लिए आते हैं, ऐसे में जनसुरक्षा और प्रशासनिक कार्य संचालन दोनों प्रभावित हो रहे हैं। यह विषय अत्यंत लोक महत्व एवं जनहित से जुड़ा हुआ है। इस गंभीर स्थिति को गुरुवार को चनपटिया से कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन ने विधानसभा में उठाया। उन्होंने निवेदन के माध्यम से सरकार का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि जर्जर भवन में कार्य करना कर्मचारियों और आम जनता दोनों के लिए जोखिमपूर्ण है। विधायक ने चेताया कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। विधायक अभिषेक रंजन ने सरकार से मांग की कि चनपटिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय की भूमि की विधिवत नापी कराई जाए। नापी के उपरांत सरकारी भूमि की सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में अतिक्रमण की समस्या न हो। साथ ही वर्तमान जर्जर भवन को हटाकर एक आधुनिक एवं सुरक्षित मॉडल प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन का निर्माण शीघ्र कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रखंड और अंचल कार्यालय ग्रामीण जनता की प्रशासन से पहली सीधी कड़ी है। ऐसे में यहां सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक भवन का होना अत्यंत आवश्यक है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से जर्जर भवन को लेकर शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। क्षेत्र के सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने विधायक द्वारा विधानसभा में इस मुद्दे को उठाए जाने का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि सरकार इस जनहित से जुड़े विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।








