AMIT LEKH

Post: 18 लाख रूपये के साथ पुलिस ने दो को पकड़ा, हर बार बदल रहे हैं अपना बयान, जांच में जुटी पुलिस

18 लाख रूपये के साथ पुलिस ने दो को पकड़ा, हर बार बदल रहे हैं अपना बयान, जांच में जुटी पुलिस

पटना से हमारे विशेष संवाददाता की रिपोर्ट : 

पटना एएसपी लॉ एंड ऑर्डर दिव्यांजलि ने बताया कि शुक्रवार को दीघा टॉप के समीप वाहन जांच के दौरान एक कार से दो लाख रूपये बरामद हुए

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख
पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। राजधानी पटना में इन दिनों एक तरफ अपराध काफी बढ़ा हुआ है तो दूसरी तरफ इस पर नियंत्रण करने के लिए पुलिस लगातार पसीने बहा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को राजधानी पटना में पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक कार से 18 लाख रूपये से अधिक राशि जब्त की साथ ही दो लोगों को भी हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि रूपये के संबंध में पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्ति बार बार अपना बयान बदल रहे हैं जिसके बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। इसके साथ ही मामले की सूचना पुलिस के वरीय अधिकारियों के साथ ही आयकर विभाग को भी दी गई है। मामले की जानकारी देते हुए पटना एएसपी लॉ एंड ऑर्डर दिव्यांजलि ने बताया कि शुक्रवार को दीघा टॉप के समीप वाहन जांच के दौरान एक कार से दो लाख रूपये बरामद हुए। रूपये के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस कार और उसमें सवार दो लोगों के साथ में थाना ले आई और गाड़ी की तलाशी ली तो उससे कुल अठारह लाख 5 हजार रूपये नकद बरामद हुए। फ़िलहाल पुलिस ने गाड़ी और रूपये जब्त कर लिया है और आगे की छानबीन में जुट गई है। एएसपी ने बताया कि आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस लगातार राजधानी में वाहन जांच अभियान चलाती है। इसी दौरान जब एक कार को रोक कर तलाशी ली गई तो उससे भारी मात्रा में नकद राशि बरामद की गई। राशि के संबंध में जब कार सवार दोनों व्यक्ति से पूछताछ की गई तो उन्होंने अलग अलग जवाब दिया। कार सवार दोनों व्यक्ति की पहचान सीतामढ़ी के रहने वाले मोहम्मद सद्दाम और पंकज के रूप में की गई है। एएसपी ने बताया कि पुलिस पूछताछ में दोनों युवकों ने पहले बताया कि वे लोग झारखंड से रूपये लेकर आ रहे हैं फिर उसने कहा कि पटना में एक भैया हैं, उनका रुपया है और तीसरी बार कह रहा है कि घर पर शादी है, उसी के लिए रूपये लेकर जा रहे हैं। ये लोग हर बार पूछताछ में अलग अलग बयान दे रहे हैं जिसकी वजह से शक और बढ़ रहा है। मामले को लेकर आयकर विभाग को जानकरी दे दी गई है। पुलिस आशंका जता रही है कि जब्त रूपये हवाला के हो सकते हैं।

Leave a Reply

Recent Post