AMIT LEKH

Post: लापरवाही : नौबतपुर में खुले नाले ने छीनी मासूम की जिंदगी

लापरवाही : नौबतपुर में खुले नाले ने छीनी मासूम की जिंदगी

पटना से हमारे विशेष संवाददाता की रिपोर्ट : 

शाम के समय एक स्थानीय व्यक्ति की नजर नाले के पास पड़े बैग पर पड़ी

संदेह होने पर जब चैंबर की जांच की गई तो बच्ची अंदर गिरी मिली

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख
पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। राजधानी पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरासत गांव में लापरवाही ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली। खुले नाले के चैंबर में गिरने से ढाई वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। मृत बच्ची की पहचान राकेश कुमार की पुत्री रिया कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों के अनुसार रिया रोज की तरह सुबह आंगनबाड़ी केंद्र गई थी। दोपहर में पढ़ाई समाप्त होने के बाद वह घर लौट रही थी। इसी दौरान घर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर बने खुले नाले के चैंबर में वह गिर गई। घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे हादसे का तुरंत पता नहीं चल सका। जब बच्ची देर तक घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। आंगनबाड़ी सेविका से जानकारी मिली कि रिया छुट्टी के बाद घर के लिए निकल चुकी थी। शाम के समय एक स्थानीय व्यक्ति की नजर नाले के पास पड़े बैग पर पड़ी। संदेह होने पर जब चैंबर की जांच की गई तो बच्ची अंदर गिरी मिली। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों की मदद से नाले का पानी निकालकर शव बाहर निकाला गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में भारी लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि नाले का निर्माण कराया गया, लेकिन चैंबर पर ढक्कन नहीं लगाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत सहायता देने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। यह घटना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Leave a Reply

Recent Post