AMIT LEKH

Post: 26 फरवरी को भूकंप का ‘मॉक ड्रिल’

26 फरवरी को भूकंप का ‘मॉक ड्रिल’

बेतिया से हमारे उप-संपादक का चश्मा :

घबराएं नहीं, यह है आपदा से निपटने की है तैयारी

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिम चम्पारण जिले में भूकंप जैसी आपदाओं से निपटने की प्रशासनिक तैयारियों को परखने के लिए 25 और 26 फरवरी को विशेष अभ्यास (मॉक ड्रिल) का आयोजन किया जा रहा है।

फोटो : मोहन सिंह

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नेतृत्व में होने वाले इस अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच तालमेल और त्वरित प्रतिक्रिया को सुदृढ़ करना है।

कार्यक्रम की रूपरेखा :

25 फरवरी : टेबल टॉप एक्सरसाइज (रणनीतिक चर्चा)।

26 फरवरी : जिले के 07 चिन्हित स्थलों पर फुल-स्केल फिजिकल मॉक ड्रिल।

यहाँ होगा अभ्यास (मॉक ड्रिल साइट्स) :

जिला प्रशासन ने बेतिया शहर में 05 और बगहा में 02 मुख्य स्थलों को चिन्हित किया है –

बेतिया : उत्क्रमित उच्च विद्यालय (शेखौना), राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, समाहरणालय भवन, ऑफिसर कॉलोनी और जूडियो शॉपिंग कॉम्प्लेक्स।

बगहा : विनायक पेट्रोल पंप (बगहा-1) और फ्लाईओवर (बगहा-2)।

हवाई अड्डा बनेगा ‘स्टेजिंग एरिया’ एवं राहत केन्द्र

शहर के हवाई अड्डा परिसर को मुख्य ‘स्टेजिंग एरिया’ बनाया गया है। यहीं से एम्बुलेंस, दमकल और बचाव टीमों का समन्वय होगा। भूकंप पीड़ितों के लिए अस्थायी राहत केंद्र, भोजन और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी यहीं सुनिश्चित की गई है।

प्रशासन की अपील : पैनिक न हों

अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) अनिल कुमार सिन्हा एवं प्रभारी पदाधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन शाखा, श्रीमती नगमा तबस्सुम ने लोगों से अपील की है कि 26 फरवरी को होने वाली गतिविधियों को देखकर घबराएं नहीं और न ही कोई अफवाह फैलाएं। यह केवल एक अभ्यास है ताकि भविष्य में किसी भी वास्तविक आपदा के समय जान-माल के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।

तैयारी की कमान :

जिला पदाधिकारी, तरनजोत सिंह के निर्देशानुसार स्वास्थ्य, अग्निशमन, संचार और परिवहन समेत कुल 13 कोषांगों का गठन किया है, जो इस ड्रिल के दौरान अपनी कार्यक्षमता का प्रदर्शन करेंगे।

Leave a Reply

Recent Post