AMIT LEKH

Post: रसोई गैस सिलेंडर फटने से 11 लोग झुलसे

रसोई गैस सिलेंडर फटने से 11 लोग झुलसे

बेतिया से उप-संपादक का चश्मा : 

लौरिया बाजार में मची अफरा-तफरी, सभी घायल जीएमसीएच बेतिया रेफर

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

बेतिया/लौरिया, (मोहन सिंह)। लौरिया नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत व्यस्त बाजार में शुक्रवार की दोपहर करीब साढ़े बारह बजे बड़ा हादसा हो गया।

फोटो : मोहन सिंह

यूनियन बैंक के सामने स्थित एक मीट दुकान पर छोटे रसोई गैस सिलेंडर में अचानक आग भड़क उठी, जिससे जोरदार धमाका हुआ और आसपास अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग की लपटों की चपेट में दुकानदार समेत वहां मौजूद ग्राहक और राहगीर आ गए।

छाया : अमिट लेख

इस हादसे में कुल 11 लोग झुलस गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। आसपास के दुकानदारों और मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास किया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लौरिया पहुंचाया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रौशन कुमार ने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल बेतिया (जीएमसीएच) रेफर कर दिया गया है।

छाया : अमिट लेख

घायलों में गोविंद राय (34), विनय कुमार शुक्ला (32), गुलाब पटेल, प्रेमनाथ कुमार (25), अमरजीत कुमार (30), नितीश कुमार (25), कृष्णा ठाकुर (35), भूल देवी (35), बेबी कुमारी (5), सीता देवी तथा एक अन्य छह वर्षीय बच्ची शामिल हैं। सभी की स्थिति पर चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है।

छाया : अमिट लेख

सूचना मिलते ही सभापति प्रतिनिधि संजय कुमार, सीओ नितेश कुमार सेठ और थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। थानाध्यक्ष ने बताया कि सिलेंडर में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। सीओ नितेश कुमार सेठ ने व्यवसायियों को सख्त निर्देश दिया कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में केवल कमर्शियल गैस सिलेंडर का ही उपयोग करें और सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें। वहीं अस्पताल प्रशासन ने एंबुलेंस आवागमन में बाधा न हो, इसके लिए अस्पताल परिसर के आसपास सड़क पर वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है। प्रशासन ने बाजार में यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी जारी किए हैं।

Leave a Reply

Recent Post