बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, शराब-सूखे नशे पर सघन छापेमारी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग व अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। होली पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था सुदृढ़ रखने एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि होली पर्व को पूर्णतः शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसके लिए सभी तैयारियाँ समय से पूर्ण कर ली जाएँ। उन्होंने निर्देश दिया कि असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई, बाउंड डाउन एवं नोटिस की प्रक्रिया हर हाल में पूरी की जाए। जिन थानों में शांति समिति की बैठक अब तक नहीं हुई है वहाँ अविलंब बैठक आयोजित कर डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, अश्लील एवं भड़काऊ गीतों पर रोक की जानकारी स्पष्ट रूप से दी जाए तथा उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उन्होंने निर्देश दिया कि शराब, सूखा नशा एवं अन्य मादक पदार्थों के विरुद्ध सघन छापेमारी, दियारा क्षेत्रों में विशेष चौकसी एवं कार्रवाई, नेपाल सीमा से सटे इलाकों में कड़ी निगरानी, वाहनों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच तेज करने, विवादित स्थलों पर होलिका दहन न होने देने, होलिका दहन के बाद राख हटवाने, अग्निशमन एवं स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह अलर्ट रखने, सभी पीएचसी में बर्न से संबंधित दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट व पुलिस बल को समय पर तैनात रहने, बाइकर्स एवं हुड़दंगियों पर विधिसम्मत कार्रवाई करने, मिलावटी मिठाई व पनीर की बिक्री रोकने हेतु खाद्य निरीक्षण तेज करने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर प्रशासन की कड़ी निगरानी रहेगी। अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर तत्काल खंडन एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी प्रकार की भ्रामक पोस्ट, भड़काऊ वीडियो या संदेश पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। समीक्षा बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने शराब की बरामदगी बढ़ाने, सेवन-परिवहन-भंडारण पर सख्त कार्रवाई, दियारा क्षेत्रों में रात्रिकालीन छापेमारी और छोटी-छोटी घटनाओं पर भी त्वरित संज्ञान लेने का निर्देश दिया, वहीं पुलिस अधीक्षक बगहा रामानंद कुमार कौशल ने संवेदनशील स्थलों का भ्रमण, प्रिवेंटिव एक्शन, पूरी वर्दी में ड्यूटी, अनाधिकृत अनुपस्थिति पर कार्रवाई और शराब के हॉटस्पॉट पर विशेष ड्राइव चलाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त नगर निगम बेतिया, सुश्री शिवानी दीक्षित, अपर समाहर्ता राजीव कुमार सिन्हा, एसडीएम बेतिया सदर विकास कुमार सहित सभी जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। साथ ही पुलिस अधीक्षक बगहा श्री रामानंद कुमार कौशल, अन्य एसडीएम, एसडीपीओ, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, सभी कार्यपालक पदाधिकारी नगर निकाय, सभी एसएचओ आदि वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहें।








