AMIT LEKH

Post: जनसुनवाई में जिला पदाधिकारी ने सुनीं 35 शिकायतें

जनसुनवाई में जिला पदाधिकारी ने सुनीं 35 शिकायतें

बेतिया से उप-संपादक का चश्मा : 

जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए

कई मामलों का मौके पर ही निपटारा

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

फोटो : अमिट लेख

कार्यक्रम के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन भी किया गया। बिहार सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम सात निश्चय-3 के अंतर्गत चल रहे सबका सम्मान-जीवन आसान अभियान के तहत आयोजित इस जनसुनवाई में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे और अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इस दौरान श्रीकांत यादव, अन्नू कुमारी, महंथ कुंज बिहारी गोस्वामी, हरिहर साह, छोटेलाल पटेल, शारदा देवी, उमा देवी, अमृता देवी, रामाशिष सिंह, रूदल प्रसाद यादव, खुश्बू कुमारी सहित अन्य लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। जनसुनवाई में भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मामले, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, सड़क निर्माण व मरम्मत तथा राशन कार्ड सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 35 शिकायतों की सुनवाई की गई। जिलाधिकारी ने सभी मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। कुछ मामलों में जिलाधिकारी ने मौके पर ही अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए, जबकि जटिल मामलों में समय-सीमा तय कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा) सुजीत कुमार, अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी बेतिया मासूम अंसारी, वरीय उप समाहर्ता श्रीमती नगमा तबस्सुम सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Recent Post