छपरा से उप-संपादक का संकलन :
स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने का दिया निर्देश
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
एकमा, (संवाददाता)। प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एकमा का औचक निरीक्षण किया। शुक्रवार को अपराह्न में निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, एंबुलेंस सेवा, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने इमरजेंसी सेवा में तैनात डॉ. विवेक कुमार से अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी, अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, दवा वितरण व्यवस्था तथा ओपीडी और इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों की ड्यूटी अवधि से संबंधित जानकारी ली। निरीक्षण के क्रम में बीडीओ ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता पर संतोष प्रकट किया तथा स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने का निर्देश दिया। इस दौरान अस्पताल में एंबुलेंस सेवा की उपलब्धता, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। मौके पर डॉक्टर, एएनएम, जीएनएम, एंबुलेंस चालक, स्वास्थ्य कर्मी व सुरक्षा गार्ड आदि भी मौजूद रहे। जिनसे मरीजों को दी जा रही सेवाओं के संबंध में जानकारी ली गई।








