पटना से विशेष संवाददाता का संकलन :
पीड़िता के पिता के अनुसार, उनकी बेटी जब कक्षा 9वीं में पढ़ती थी, तभी से वह एक कोचिंग सेंटर में पढ़ने जाया करती थी
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना/मुजफ्फरपुर, (दिवाकर पाण्डेय)। जिला के अहियापुर थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ एक शिक्षक पर अपनी ही छात्रा के साथ शादी का झांसा देकर सात वर्षों तक शारीरिक शोषण करने और बाद में उसे जान से मारने की नीयत से छत से नीचे फेंकने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता के पिता के अनुसार, उनकी बेटी जब कक्षा 9वीं में पढ़ती थी, तभी से वह एक कोचिंग सेंटर में पढ़ने जाया करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात कोचिंग संचालक नवीन कुमार से हुई। शुरुआत में शिक्षक ने छात्रा के साथ सामान्य व्यवहार किया, लेकिन धीरे-धीरे उसने उसे अपनी बातों में फंसाना शुरू कर दिया। उसने छात्रा को प्यार और शादी का झांसा दिया, जिससे वह उसके झूठे वादों पर भरोसा करने लगी। आरोप है कि नवीन कुमार ने इसी भरोसे का फायदा उठाकर करीब सात वर्षों तक छात्रा का शोषण किया। वह बार-बार उसे अपने घर बुलाता और शादी का भरोसा देकर उसके साथ गलत संबंध बनाता रहा। छात्रा भी इस उम्मीद में सब सहती रही कि एक दिन आरोपी उससे शादी करेगा और उसका जीवन सुरक्षित हो जाएगा। समय बीतता गया और छात्रा पूरी तरह से उसके भरोसे में आ चुकी थी। लेकिन हाल ही में मामला तब पलट गया जब नवीन कुमार ने बिना बताए किसी दूसरी लड़की से शादी कर ली। जब पीड़िता को इस बात की जानकारी मिली, तो वह टूट गई और उसने आरोपी से जवाब मांगा। उसने विरोध किया और अपने साथ हुए अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई।








