बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
घरारी की जमीन के बंटवारे को लेकर उपजा पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि खूनी संघर्ष में बदल गया तथा पिता और उसके बेटों ने मिलकर अपने ही सगे भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिम चंपारण के बैरिया थाना क्षेत्रों अंतर्गत भितहा मठिया गांव में शुक्रवार की सुबह एक रिश्ते का कत्ल उस समय हो गया, जब घरारी की जमीन के बंटवारे को लेकर उपजा पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि खूनी संघर्ष में बदल गया तथा पिता और उसके बेटों ने मिलकर अपने ही सगे भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में धारदार हथियारों और भाले का बेखौफ इस्तेमाल किया गया,जिसके कारण 40 वर्षीय विजय पटेल की जान चली गई। वहीं दो अन्य भाई अखिलेश पटेल और कमलेश पटेल गंभीर रूप से जख्मी हो गए। विवाद की शुरुआत सुबह करीब सात बजे हुई जब जमीन के टुकड़े को लेकर कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते आवेश में आकर पिता और बड़े भाई ने तीन अन्य पुत्रों के साथ मिलकर विजय, अखिलेश और कमलेश को निशाना बनाया। हमले के दौरान स्थिति तब और भयावह हो गई जब अखिलेश पटेल के पेट में भाला घुस गया, जिससे उनकी आंतें बाहर आ गईं। आनन-फानन में घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने विजय को मृत घोषित कर दिया, जबकि अखिलेश की नाजुक स्थिति को देखते हुए उनका उपचार जारी है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद गांव में मातमी सन्नाटा और दहशत का माहौल है। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। सूचना पर पहुंची बैरिया थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन छानबीन में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में मामला पूरी तरह से जमीन विवाद का लग रहा है और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। वही स्थानीय लोगों का कहना है कि घटनास्थ पर दोनों तरफ से कैमरा लगा हुआ है,अगर जांच की जाय तो घटना की जानकारी मिल सकती है।।








