AMIT LEKH

Post: बेतिया से दुनिया तक : ध्रुपद घराने की दुर्लभ और अनमोल पांडुलिपियाँ पहुँचीं ज्ञान भारतम पर

बेतिया से दुनिया तक : ध्रुपद घराने की दुर्लभ और अनमोल पांडुलिपियाँ पहुँचीं ज्ञान भारतम पर

बेतिया से उप-संपादक का चश्मा : 

जिले की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिम चम्पारण जिले की ऐतिहासिक बेतिया राज घराना से जुड़ी एक अमूल्य धरोहर को संरक्षित करते हुए डिजिटल युग में नई पहचान दी गई है।

फोटो : मोहन सिंह

सुप्रसिद्ध ध्रुपद गायक पंडित इन्द्र किशोर मिश्रा के निजी संरक्षण में सुरक्षित रखी गई बेतिया महाराज द्वारा रचित विभिन्न रागों की दुर्लभ ध्रुपद पांडुलिपियाँ अब डिजिटल रूप में आम लोगों के लिए उपलब्ध करा दी गई हैं। इन ऐतिहासिक पांडुलिपियों को ज्ञान भारतम ऐप पर अपलोड किया गया है, जिससे देश-विदेश के संगीत प्रेमी और शोधकर्ता अब आसानी से इस अनमोल धरोहर तक पहुंच सकते हैं।

छाया : अमिट लेख

यह पांडुलिपि बेतिया राज दरबार की समृद्ध संगीत परंपरा का जीवंत दस्तावेज है, जिसमें अलग-अलग रागों में रचित ध्रुपद गीत शामिल हैं। ध्रुपद, जो भारतीय शास्त्रीय संगीत की सबसे प्राचीन विधाओं में से एक है, आज भी अपनी गंभीरता और आध्यात्मिकता के लिए जाना जाता है। इस तरह की मूल पांडुलिपियों का मिलना और उन्हें डिजिटल रूप में सुरक्षित करना न केवल सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण स्रोत भी है। इस संबंध में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य जिले की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करना और उसे जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा को संरक्षित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा ज्ञान भारतम् मिशन का संचालन किया जा रहा है। इस मिशन में विभिन्न विषयों से संबंधित पांडुलिपियों को संरक्षित करने की योजना है। इस क्रम में 70 वर्ष से पुरानी पांडुलिपियां सर्वे में शामिल की जा रही हैं। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि वे ज्ञान भारतम ऐप डाउनलोड कर इन पांडुलिपियों का अवलोकन करें और अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ें। उन्होंने यह भी अनुरोध किया कि उनकी जानकारी में भी यदि ऐसी कोई पांडुलिपि है तो उसे ज्ञान भारतम् पोर्टल पर अपलोड करें या इसकी सूचना प्रशासन को दें।

Leave a Reply

Recent Post