महराजगंज से हमारे जिला ब्यूरो की रिपोर्ट :
सीमा क्षेत्र में लगातार बढ़ाई जा रही सतर्कता, संदिग्ध गतिविधियों पर रखी जा रही पैनी नजर
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
महराजगंज, (तैयब अली चिश्ती)। जनपद में अपराध नियंत्रण, शांति व्यवस्था एवं सीमा सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में थाना निचलौल पुलिस एवं एसएसबी बल द्वारा भारत-नेपाल बॉर्डर क्षेत्र के झूलनीपुर में संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

सीमा क्षेत्र में लगातार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस और एसएसबी की टीम ने आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की गहन जांच की। प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की तलाशी लेते हुए उनके आवश्यक दस्तावेज भी चेक किए गए। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।

वहीं बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और अन्य नियमों की अनदेखी करने वालों को सख्त हिदायत भी दी गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र को देखते हुए लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, तस्करी अथवा आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।








