महराजगंज से हमारे जिला ब्यूरो की रिपोर्ट :
सहायक कमांडेंट अखिलेश कुमार के निर्देशन में डोमा खंड के धोबिनिया टोला स्थित शिव मंदिर परिसर में ग्रामीणों को आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
महराजगंज, (तैयब अली चिश्ती)। जनपद के सीमावर्ती क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर सशस्त्र सीमा बल (SSB) लगातार सराहनीय कार्य कर रही है।

इसी क्रम में आज दिनांक 12/05/2026 को एसएसबी कैम्प पथलाहवा के सहायक कमांडेंट अखिलेश कुमार के निर्देशन में डोमा खंड के धोबिनिया टोला स्थित शिव मंदिर परिसर में ग्रामीणों को आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान एसएसबी जवानों ने ग्रामीणों को बाढ़, आग लगने की घटनाओं, भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के प्रभावी तरीकों की विस्तार से जानकारी दी। जवानों ने बताया कि आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्कता, संयम और सही जानकारी ही सबसे बड़ा बचाव होता है।

ग्रामीणों को प्राथमिक सुरक्षा उपाय, सुरक्षित स्थानों का चयन, आग लगने पर तत्काल बचाव के तरीके तथा भूकंप के दौरान अपनाए जाने वाले जरूरी कदमों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने एसएसबी की इस पहल की जमकर सराहना की और कहा कि सीमा सुरक्षा के साथ-साथ ग्रामीणों की सुरक्षा और जागरूकता के लिए इस तरह के अभियान बेहद जरूरी हैं। लोगों ने एसएसबी जवानों के कार्यों को जनहित में बेहद प्रेरणादायक बताया। इस जागरूकता अभियान में एसएसबी के मुख्य आरक्षी संतोष कुमार सिंह, प्रवीण कुमार सिंह, सर्वेश पाठक, बांके लाल एवं नवल किशोर शाह की सक्रिय भूमिका रही। सभी जवानों ने ग्रामीणों के बीच जाकर बेहद सरल और प्रभावी तरीके से लोगों को जागरूक किया, जिससे ग्रामीणों में उत्साह और जागरूकता दोनों देखने को मिला। इस मौके पर ग्राम डोमाखण्ड (धोबिनिया टोला) निवासी ग्राम प्रधान अनिक यादव, सुभाष राजभर, भागीरथी निषाद, तथा रामसेवक चौहान, सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। एसएसबी द्वारा चलाया गया यह जनजागरूकता अभियान क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और ग्रामीणों ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की है।








