AMIT LEKH

Post: निचलौल थाने की कमान संभालते ही एक्शन मोड में दिखे प्रभारी निरीक्षक अंकित सिंह

निचलौल थाने की कमान संभालते ही एक्शन मोड में दिखे प्रभारी निरीक्षक अंकित सिंह

महराजगंज से हमारे जिला ब्यूरो की रिपोर्ट : 

निचलौल थाने के नव पदस्थापित प्रभारी निरीक्षक अंकित सिंह ने जनता को दिया भरोसा

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख
महराजगंज, (तैयब अली चिश्ती)। जनपद के निचलौल थाने की कमान संभालते ही नवागत प्रभारी निरीक्षक अंकित सिंह एक्शन मोड में नजर आने लगे हैं।

फोटो : चिश्ती

कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई उनकी प्राथमिकता होगी। अंकित सिंह इससे पहले कई महत्वपूर्ण थानों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अपने अनुभव, सख्त कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा के दम पर उन्होंने पुलिस विभाग में अलग पहचान बनाई है। अपने पूर्व कार्यकाल में उन्होंने कई जटिल मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण करते हुए अपराध नियंत्रण, आपसी विवादों के समाधान और शांति व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई। निचलौल थाने का कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के मार्गदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के सहयोग और दिशा-निर्देश से ही उन्हें बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती रही है। उन्होंने कहा— “निचलौल थाना प्रभारी के रूप में जो जिम्मेदारी मुझे सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जवाबदेही के साथ करूंगा। जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना और उनका समाधान किया जाएगा।” उन्होंने आम जनता को भरोसा दिलाया कि थाना परिसर में आने वाले हर व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाएगा और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए पुलिस पूरी तत्परता से कार्य करेगी। वहीं अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, गुंडागर्दी या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी निरीक्षक अंकित सिंह ने यह भी कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और जनता का विश्वास मजबूत करना है। इसके लिए पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित किया जाएगा, ताकि आम लोगों की समस्याओं का समय रहते समाधान हो सके और क्षेत्र में सुरक्षित माहौल कायम रहे।

Leave a Reply

Recent Post