छपरा से हमारे उप-संपादक का संकलन :
‘हौसला’ अभियान के तहत सारण प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में 350 प्रतिभाओं को मिला सम्मान, शिक्षा को बताया राष्ट्र निर्माण की आधारशिला
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज
– अमिट लेख
छपरा, (सारण)। मेलोड्रामा वेलफेयर सोसाइटी, नई दिल्ली की बहुचर्चित मुहिम “हौसला” के तहत आयोजित “प्रतिभा रत्न अवॉर्ड–2026” समारोह का भव्य आयोजन छपरा के प्रेक्षागृह में किया गया।

इस अवसर पर बिहार के विभिन्न जिलों से आए मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षा, समाज सेवा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षाविदों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राहुल सिंह, डॉ. एच. के. रंजन, डॉ. अमरेश कुमार, डॉ. नमित कुमार, कुमार राजीव, डॉ. पुष्पा रंजन, संदीप कुशवाहा, रितेश सिंह, नीतू गुप्ता, बिंदिया जायसवाल एवं कार्यक्रम के समन्वयक अर्जुन कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने शिक्षा, कला और सामाजिक जागरूकता को बेहतर समाज के निर्माण का मूल आधार बताया। मुख्य अतिथि राहुल सिंह ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास की सबसे बड़ी शक्ति है और इसके बिना जीवन अधूरा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम लगातार आयोजित होने चाहिए, ताकि युवाओं को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने की प्रेरणा मिलती रहे।
प्रतिभाओं का सम्मान बढ़ाता है आत्मविश्वास :
नीतू गुप्ता ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान उनके हौसले को नई उड़ान देता है और उनके आत्मविश्वास को मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए युवाओं को प्रोत्साहन और सही मंच मिलना जरूरी है।
शिक्षा और कला से ही बनेगा बेहतर समाज :
डॉ. पुष्पा रंजन ने कहा कि कला एवं शिक्षा ही एक सशक्त, जागरूक और बेहतर समाज के निर्माण की आधारशिला हैं। वहीं डॉ. एच. के. रंजन ने कहा कि समाज के उत्थान और राष्ट्र निर्माण में शिक्षा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
समारोह की अध्यक्षता मेलोड्रामा वेलफेयर सोसाइटी के अर्जुन सिंह ने की। उन्होंने बताया कि “हौसला” अभियान का उद्देश्य कला, शिक्षा एवं समाज के वास्तविक नायकों को मंच प्रदान कर उन्हें प्रोत्साहित करना है, ताकि एक सकारात्मक और प्रगतिशील समाज की स्थापना की जा सके।
350 मेधावियों को मिला प्रतिभा रत्न अवॉर्ड :
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन शिक्षाविद् डॉ. मनोज वर्मा ‘संकल्प’ एवं चंदन दुबे ने संयुक्त रूप से किया, जबकि अतिथियों का स्वागत धर्मेंद्र कुमार ने किया। समारोह में बिहार टॉपर रौशनी कुमारी, माया कुमारी सहित विभिन्न जिलों से आए लगभग 350 मेधावी छात्र-छात्राओं को “प्रतिभा रत्न अवॉर्ड–2026” से सम्मानित किया गया। डॉ. अमरेश कुमार ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह बच्चों में जिम्मेदारी और कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करते हैं, जिससे वे अपने और देश के बेहतर भविष्य निर्माण के लिए प्रेरित होते हैं। कुमार राजीव ने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच मिलने से उनमें उच्च शिक्षा के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ती है। जीएनआईओटी के रितेश सिंह ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं, बल्कि श्रेष्ठ समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाना भी है। ज्ञान प्रकाश ने कहा कि शिक्षक समाज की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और एक शिक्षक ही व्यक्ति को सही मार्गदर्शन देकर जिम्मेदार नागरिक बनाता है।
गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी :
समारोह में राष्ट्रीय एथलीट विकास सिंह राठौर, जिला पार्षद रत्नेश भास्कर, जिला पार्षद गुड्डू साह, नागमणि, पूर्व मेयर राखी गुप्ता, राजेश यादव, प्रो. अखिलेश कुमार, अजित कुमार मुखिया, रामबाबू सिंह, सौरव श्रीवास्तव, पवन कुमार, प्रमोद सिंह, सुनील कुशवाहा, आकांक्षा कुमारी, अभिषेक आनंद, कृष्णा सिंह, रुद्रा प्रताप सिंह, वरिष्ठ पत्रकार के. के. सिंह सेंगर, रुचि सिंह सेंगर, धर्मेंद्र कुमार, कार्यक्रम संयोजक अर्जुन सिंह, चंदन दुबे, सनोज मेहरा, मनीष कुमार, नितिन कुमार, ई. राजेश कुमार सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।








