AMIT LEKH

Post: भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल की बड़ी कार्रवाई, 720 किलो अवैध कद्दू बीज जब्त

भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल की बड़ी कार्रवाई, 720 किलो अवैध कद्दू बीज जब्त

महराजगंज से हमारे जिला ब्यूरो की रिपोर्ट : 

नेपाल से भारत लाई जा रही थी तस्करी की खेप, तस्कर सीमा पार भागने में सफल

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख
महराजगंज, (तैयब अली चिश्ती)। जनपद के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में तस्करी के खिलाफ 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल लगातार सतर्क अभियान चला रही है। इसी क्रम में एफ समवाय झुलनीपुर अंतर्गत सीमा चौकी शीतलापुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 720 किलोग्राम अवैध कद्दू बीज बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार दिनांक 18 मई 2026 को देर रात लगभग 01:30 बजे आसूचना शाखा से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ तस्कर नेपाल से भारत की ओर अवैध सामान लेकर आने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही सीमा चौकी शीतलापुर के प्रभारी उपनिरीक्षक (सा.) धनवीर सिंह रावत के नेतृत्व में विशेष नाका टीम गठित कर सीमा स्तंभ संख्या 502 के नजदीक निगरानी शुरू कर दी गई। करीब 02:10 बजे सीमा स्तंभ संख्या 502 एवं 503 के बीच, 20 कड़िया ओपी पोस्ट के पास केला बागान की ओर से कुछ लोग सिर पर बोरे लेकर भारतीय सीमा में प्रवेश करते दिखाई दिए। नाका पार्टी को देखते ही तस्कर बोरे फेंककर नेपाल की ओर भाग निकले। जवानों ने पीछा कर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन अंतरराष्ट्रीय सीमा नजदीक होने के कारण तस्कर नेपाल क्षेत्र में दाखिल हो गए, जिससे गिरफ्तारी नहीं हो सकी। तलाशी के दौरान मौके से कुल 18 बोरी कद्दू बीज बरामद हुआ। प्रत्येक बोरी में 40 किलोग्राम बीज पाया गया। इस प्रकार कुल 720 किलोग्राम कद्दू बीज जब्त किया गया।
इस अभियान में उपनिरीक्षक (सा.) धनवीर सिंह रावत के साथ सहायक उप निरीक्षक (सा.) प्रोद्योत कुमार मिश्रा, मुख्य आरक्षी (सा.) बलजीत माशी, आरक्षी (सा.) अवधेश कुमार चौधरी तथा आरक्षी (चालक) अमृत मिंज शामिल रहे।
एसएसबी द्वारा बरामद कद्दू बीज का जब्ती पत्र तैयार कर नियमानुसार सीमा शुल्क कार्यालय निचलौल को सुपुर्द कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार बरामद कद्दू बीज सूडान देश से नेपाल पहुंचता है और तस्करी के जरिए भारत लाया जाता है। भारत के विभिन्न शहरों में इसे ड्राई फ्रूट के रूप में उपयोग किया जाता है। बताया जा रहा है कि नेपाल में यह बीज लगभग 200 रुपये प्रति किलो खरीदा जाता है, जबकि भारत में इसकी कीमत 300 रुपये प्रति किलो तक पहुंच जाती है, जिससे तस्करों को अवैध मुनाफा होता है। इस पूरी कार्रवाई की जानकारी समवाय प्रभारी झुलनीपुर निरीक्षक (सा.) अरुण कुमार पाण्डेय द्वारा उच्चाधिकारियों को भेजी गई है।

Leave a Reply

Recent Post