छपरा से हमारे उप-संपादक का संकलन :
प्रखंड क्षेत्र में मॉडल व सह मॉडल सहित कुल 63 कैमाल समर शिविरों में , बच्चों को भाषा व गणित में दक्ष बनाने की शुरू हुई पहल
ग्रीष्मावकाश के दौरान 30 जून तक चलेगा विशेष शैक्षणिक अभियान, वॉलिंटियरों के माध्यम से गतिविधि आधारित शिक्षण की शुरुआत
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख, संवाददाता
एकमा, (सारण)। एकमा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में सोमवार से ग्रीष्मावकाश की शुरुआत हो गई। इसी के साथ सोमवार से ही एकमा प्रखंड के 63 सरकारी मध्य विद्यालयों में कैमाल समर कैंप का शुभारंभ किया गया।

इस विशेष शैक्षणिक अभियान का उद्देश्य बच्चों की बुनियादी शैक्षणिक दक्षता को मजबूत करना तथा भाषा एवं गणित विषय में उनकी समझ को बेहतर बनाना है। आमडाढ़ी पंचायत अंतर्गत मध्य विद्यालय गौसपुर में बनाए गए सह मॉडल कैमाल समर कैंप का उद्घाटन उत्क्रमित मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक मंजीत कुमार तिवारी, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद तौकीर अंसारी, आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका बेबी सिंह, उप मुखिया अंजीत कुमार ठाकुर व विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर व दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

उत्क्रमित मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक मंजीत कुमार तिवारी ने बताया कि यह समर कैंप बच्चों के लिए सीखने के साथ-साथ मनोरंजन एवं रचनात्मक गतिविधियों का भी मंच बनेगा। इससे बच्चों को नई ऊर्जा, उत्साह व आत्मविश्वास के साथ आगामी शैक्षणिक सत्र की तैयारी करने में मदद मिलेगी।

वही उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय गौसपुर के एचएम मोहम्मद तौकीर अंसारी ने कहा कि समर कैंप के दौरान बच्चों को भाषा एवं गणित में दक्ष बनाने की जिम्मेदारी कक्षा 12वीं के छात्रों को वॉलिंटियर के रूप में चयनित कर दी गई है। जिन्हें आर्थिक रूप से कोई मानदेय तो नहीं प्रदान किया जाएगा, लेकिन शिक्षा विभाग की ओर से इसका प्रमाण-पत्र के अलावा उन्हें डिजिटल शिक्षा निःशुल्क प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर शिक्षक दिग्विजय कुमार गुप्ता, अंजू कुमारी, योगेश कुमार सिंह, कमल कुमार सिंह, छविनाथ मांझी, राज मोहम्मद अंसारी, स्वयंसेवक प्रियांशु पांडेय, मौसमी कुमारी व विशाल कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के अभिभावक मौजूद रहे। वहीं एकसार पंचायत के टोला डोमन राय स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में बनाए गए मॉडल कैमाल समर कैंप का भी सोमवार की सुबह शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुखिया जयराम साह, बीडीसी राजाराम साह, कार्यक्रम की नोडल पदाधिकारी अंजना मिश्रा, रंजन कुमार चौरसिया, प्रधानाध्यापक कुमार रश्मि रंजन व विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्यों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर शिक्षक उमेश सिंह, अनीता देवी, उमेश कुमार, प्रगति पांडेय, संजय भारती, उपेंद्र कुमार सिंह, बीआरसी के आईटी कोऑर्डिनेटर मनीष कुमार सिंह, शिक्षक अनिल कुमार राय, प्रभात कुमार, पूजा यादव, शिवांगी सिंह, स्वयंसेवक प्रियांशु कुमार, अंजन कुमार साह सहित विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्य एवं अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सह नोडल पदाधिकारी अंजना मिश्रा ने बताया कि समर कैंप का संचालन 1 जून से 30 जून 2026 तक किया जाएगा। प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 9 बजे तक आयोजित होने वाले इस कैंप में बच्चों को भाषा व गणित विषय में दक्ष बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नोडल शिक्षक रंजन कुमार चौरसिया ने बताया कि समग्र शिक्षा अभियान के सहयोग से संचालित इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य कक्षा 5 एवं 6 के उन बच्चों को शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाना है, जिन्हें सरल कहानी पढ़ने, समझने अथवा बुनियादी गणितीय सवालों को हल करने में कठिनाई होती है। उन्होंने कहा कि कैंप के माध्यम से बच्चों की सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने के लिए विशेष गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सह प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार समर कैंप के माध्यम से बच्चों की बुनियादी शैक्षणिक क्षमता में सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा। गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति के जरिए बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि विकसित करने तथा उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय गौसपुर, आमडाढ़ी, टोला डोमन राय, हंसराजपुर, हुस्सेपुर, रीठ, भरहोपुर, लगुनी, परसागढ़ हिन्दी, टेसुआर, अतरसन, मठपुरा, भुईली, छित्रवलिया आदि मध्य विद्यालयों में समर कैंप आयोजन को लेकर बच्चों व अभिभावकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।








